शतरंज ओलंपियाड: भारतीय पुरुष टीम के सामने इटली की चुनौती, लाइव रेटिंग में 2700 से नीचे गुकेश

शतरंज ओलंपियाड: भारतीय पुरुष टीम के सामने इटली की चुनौती, लाइव रेटिंग में 2700 से नीचे गुकेश

शतरंज ओलंपियाड: भारतीय पुरुष टीम के सामने इटली की चुनौती, लाइव रेटिंग में 2700 से नीचे गुकेश
Modified Date: September 18, 2026 / 03:37 pm IST
Published Date: September 18, 2026 3:37 pm IST

समरकंद (उज्बेकिस्तान), 18 सितंबर (भाषा) गत चैंपियन भारतीय पुरुष टीम ने 46वें शतरंज ओलंपियाड के शुरुआती दो दौर में निचली रैंकिंग वाली टीमों के खिलाफ जीत दर्ज की, लेकिन अब तीसरे दौर में उसके सामने मजबूत इटली की चुनौती है। इटली की टीम के पहले चार बोर्ड पर ग्रैंडमास्टर खिलाड़ी हैं।

भारत ने पहले दौर में थाईलैंड को 3-1 से हराया, जबकि दूसरे दौर में इंडोनेशिया के खिलाफ 2.5-1.5 से मामूली जीत दर्ज की। निचली रैंकिंग वाली टीमों के खिलाफ जीत हासिल करने के बावजूद भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन पूरी तरह प्रभावशाली नहीं रहा।

विश्व चैंपियन डी. गुकेश दूसरे दौर में ड्रॉ खेलने के बाद लाइव रेटिंग में 2700 अंक से नीचे खिसक गए हैं। गुकेश को दूसरे दौर में इंडोनेशिया के सत्रिया दुटा चहाया ने बराबरी पर रोक दिया। इसके बाद गुकेश की लाइव रेटिंग 2699.5 अंक हो गई है। अक्टूबर 2024 में वह 2794 की सर्वोच्च रेटिंग तक पहुंचे थे।

सितंबर 2022 में महज 16 वर्ष की उम्र में गुकेश 2699 से छलांग लगाकर 2726 रेटिंग अंक पर पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा और दिसंबर 2024 में 18 वर्ष की उम्र में सबसे कम उम्र के विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।

ओलंपियाड में 2700 की विशिष्ट रेटिंग वाले खिलाड़ियों के क्लब से बाहर होना गुकेश के लिए विश्व चैंपियनशिप के मुकाबले से पहले किसी झटके की तरह है। वह हालांकि प्रतियोगिता के बाकी दौर में मजबूत वापसी कर इस स्तर को फिर हासिल करने की कोशिश करेंगे।

इससे पहले 2022 और 2024 के पिछले दो ओलंपियाड में गुकेश ने भारत के लिए शीर्ष बोर्ड पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का स्वर्ण पदक जीता था। लेकिन इस बार टीम प्रबंधन ने मौजूदा फॉर्म को ध्यान में रखते हुए उन्हें चौथे बोर्ड पर उतारने का फैसला किया है।

तीसरे दौर में भारत की ओर से आर. प्रज्ञानानंदा का मुकाबला लोरेंजो लोदिची से, अर्जुन एरिगैसी का लुका मोरोनी जूनियर से, निहाल सरीन का फ्रांसेस्को सोनिस से और डी. गुकेश का साबिनो ब्रुनेल्लो से होगा।

भारतीय महिला टीम ने पुरुषों की तुलना में बेहतर शुरुआत की है। पहले दौर में भारत ने डोमिनिकन रिपब्लिक को 4-0 से एकतरफा शिकस्त दी। दूसरे दौर में फिनलैंड के खिलाफ टीम ने 3.5-0.5 से आसान जीत दर्ज की।

तीसरे दौर में भारतीय महिला टीम यूनान से भिड़ेगी। इस मुकाबले में कोनेरू हम्पी का सामना स्तावरोउला त्सोलाकिदू से, दिव्या देशमुख का अनास्तासिया अव्रामिदू से, वंतिका अग्रवाल का एकातेरिनी पावलीदू से और बी. सविता श्री का एंटोनिया क्रिस्टोदौलाकी से होगा।

भाषा आनन्द मोना

मोना


लेखक के बारे में