बीसीसीआई ने साईराज बहुतुले को भारत का स्पिन गेंदबाजी कोच नियुक्त किया

Ads

बीसीसीआई ने साईराज बहुतुले को भारत का स्पिन गेंदबाजी कोच नियुक्त किया

  •  
  • Publish Date - June 2, 2026 / 07:28 PM IST,
    Updated On - June 2, 2026 / 07:28 PM IST

मुंबई, दो जून (भाषा) पूर्व भारतीय लेग स्पिनर साईराज बहुतुले को मंगलवार को पुरुष राष्ट्रीय टीम का स्पिन गेंदबाजी कोच नियुक्त किया गया जो पहले देश की अंडर-19 और भारत ए टीम के साथ काम कर चुके हैं।

बहुतुले दो टेस्ट और आठ वनडे में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वह हाल में समाप्त हुई इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में पंजाब किंग्स के साथ थे।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने एक बयान में कहा, ‘‘बीसीसीआई को यह घोषणा करते हुए प्रसन्नता हो रही है कि साईराज बहुतुले को भारतीय क्रिकेट टीम (सीनियर टीम) का स्पिन गेंदबाजी कोच नियुक्त किया गया है। ’’

घरेलू सर्किट में शानदार प्रदर्शन करने वाले 53 साल के बहुतुले ने लगभग दो दशकों तक चले प्रथम श्रेणी क्रिकेट करियर में 630 विकेट चटकाए हैं और 6,176 रन जुटाए।

बहुतुले ने संन्यास लेने के बाद कोचिंग में प्रभावित किया है जिसमें वह विदर्भ, केरल, गुजरात और बंगाल के मुख्य कोच रहे। वह आईपीएल फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स और हाल में पंजाब किंग्स के साथ स्पिन गेंदबाजी कोच के तौर पर भी काम कर चुके हैं। वह 2021 और 2024 के बीच बीसीसीआई की राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (अभी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) से जुड़े रहे।

मुंबई के इस पूर्व दिग्गज ने भारत के ‘प्लेयर डेवलपमेंट पाथवे’ में भी अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 2022 में भारत की विजेता आईसीसी अंडर-19 विश्व कप टीम के गेंदबाजी कोच के तौर पर काम किया और टूर्नामेंट के 2024 चरण के दौरान सहयोगी स्टाफ का हिस्सा थे।

बहुतुले ने इसके अलावा बतौर विशेषज्ञ गेंदबाजी कोच भारत ए और सीनियर पुरुष टीम के साथ काम किया है।

बोर्ड द्वारा जारी बयान में बहुतुले ने कहा, ‘‘भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम का स्पिन गेंदबाजी कोच नियुक्त होना बहुत बड़ा सम्मान है। एक खिलाड़ी के तौर पर भारत का प्रतिनिधित्व करना बहुत गर्व की बात थी और एक बार फिर कोचिंग में भारतीय क्रिकेट में योगदान देने का मौका बहुत खास है। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं सभी प्रारूपों में खिलाड़ियों के साथ काम करने के लिए उत्सुक हूं। ’’

भारतीय टीम के साथ उनका पहला दौरा छह जून से मुल्लांपुर में अफगानिस्तान के खिलाफ शुरू होने वाले एकमात्र टेस्ट होगा। वह टेस्ट मैच के दौरान मानव सुथार और हर्ष दुबे जैसे नए खिलाड़ियों के साथ काम करेंगे।

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द