सिंधु दूसरे दौर में; श्रीकांत, सेन, मालविका बाहर

Ads

सिंधु दूसरे दौर में; श्रीकांत, सेन, मालविका बाहर

  •  
  • Publish Date - June 2, 2026 / 06:11 PM IST,
    Updated On - June 2, 2026 / 06:11 PM IST

जकार्ता, दो जून (भाषा) दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने कुछ विषम पलों से गुजरने के बावजूद मंगलवार को यहां सीधे गेम में जीत हासिल करके इंडोनेशिया ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के दूसरे दौर में प्रवेश किया, लेकिन किदांबी श्रीकांत और लक्ष्य सेन पहले दौर की बाधा पार करने में नाकाम रहे।

सिंधु ने इस सुपर 1000 बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला एकल के मैच में थाईलैंड की बुसानन ओंगबामरुंगफान को 51 मिनट में 25-23, 21-16 से पराजित किया।

पूर्व विश्व चैंपियन सिंधु ने शुरू से ही आक्रामक खेल दिखाया। उन्हें पहले गेम में कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा लेकिन उन्होंने शुरू से आखिर तक अपनी लय बरकरार रखी और सीधे गेम में जीत दर्ज की।

गैर-वरीयता प्राप्त भारतीय खिलाड़ी सिंधु का सामना दूसरे दौर में मौजूदा ओलंपिक चैंपियन और विश्व की नंबर एक खिलाड़ी आन से-यंग से हो सकता है जिन्होंने उन्हें पिछले सप्ताह सिंगापुर ओपन के क्वार्टर फाइनल में हराया था।

आन के खिलाफ भारतीय खिलाड़ी का रिकॉर्ड अच्छा नहीं है। इन दोनों खिलाड़ियों के बीच अभी तक जो नौ मैच खेले गए हैं उन सभी में सिंधु को हार का सामना करना पड़ा।

श्रीकांत पुरुष एकल के पहले दौर में जापान के युशी तनाका से 19-21, 15-21 से हारने के बाद टूर्नामेंट से बाहर हो गए।

सिंगापुर ओपन के क्वार्टर फाइनल में बाहर होने वाले सेन यहां पहले ही दौर में इंडोनेशिया के अलवी फरहान से 19-21 16-21 से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए।

महिला वर्ग में मालविका बंसोड भी पहले दौर में ही टूर्नामेंट से बाहर हो गईं। उन्हें थाईलैंड की सातवीं वरीयता प्राप्त पोर्नपावी चोचुवोंग ने आसानी से 21-12, 21-10 से हराया।

पुरुष युगल में हरिहरन आमसकारुनन और एमआर अर्जुन ने शानदार खेल का नमूना पेश किया तथा अपने से ऊंची रैंकिंग वाली नूर मोहम्मद अजरीन अयूब और टैन वी किओंग की मलेशियाई जोड़ी पर 21-18, 21-10 की जीत के साथ दूसरे दौर में प्रवेश किया।

महिला युगल में हालांकि त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद को फेब्रिआना द्विपुजी कुसुमा और मेलिसा ट्रायस पुष्पितासारी की इंडोनेशिया की जोड़ी से 14-21 12-21 से हारकर टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा।

मिश्रित युगल में ध्रुव कपिला और तनीशा क्रास्टो की जोड़ी भी पहले दौर में ही बाहर हो गईं, उन्हें छठी वरीयता प्राप्त गुओ शिन वा और चेन फांग की चीन की जोड़ी से 11-21 10-21 से हार का सामना करना पड़ा।

भाषा आनन्द नमिता

नमिता