लखनऊ में दहेज हत्या का आरोपी ट्रॉमा सेंटर से गिरफ्तार

Ads

लखनऊ में दहेज हत्या का आरोपी ट्रॉमा सेंटर से गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - June 2, 2026 / 07:19 PM IST,
    Updated On - June 2, 2026 / 07:19 PM IST

लखनऊ, दो जून (भाषा) लखनऊ में दहेज हत्या के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी सागर लोधी को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के एक बयान के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सागर लोधी (29) लखनऊ के सआदतगंज थानाक्षेत्र के सुल्तानपुर गधैया का निवासी है तथा उसे किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) के ट्रॉमा सेंटर के पास से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ दहेज हत्या और महिला पर क्रूरता के तहत मामला दर्ज है।

पुलिस के मुताबिक, 31 मई को कानपुर के सुनील कुमार वर्मा ने लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया कि सागर लोधी और अन्य ने अतिरिक्त दहेज के लिए प्रताड़ित करने के बाद उनकी भतीजी मानसी (23) की 30 मई को हत्या कर दी।

शिकायत पर सआदतगंज थाने में सागर लोधी और अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

बयान के अनुसार इस कथित वारदात के बाद से आरोपी सागर लोधी फरार था तथा उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी।

पुलिस के अनुसार मंगलवार को मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित आरोपी ट्रॉमा सेंटर में इलाज करा रहा है और अस्पताल से छुट्टी मिलते ही फरार होने की योजना बना रहा है।

सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ट्रॉमा सेंटर के पास मुखबिर के बताए व्यक्ति को रोका। पूछताछ में उसने अपना नाम सागर लोधी बताया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

भाषा आनन्‍द

राजकुमार

राजकुमार