पंजाब के मुख्यमंत्री ने विभिन्न फसलों के लिए सहकारी ऋण की सीमा बढ़ाने की घोषणा की

Ads

पंजाब के मुख्यमंत्री ने विभिन्न फसलों के लिए सहकारी ऋण की सीमा बढ़ाने की घोषणा की

  •  
  • Publish Date - June 2, 2026 / 07:24 PM IST,
    Updated On - June 2, 2026 / 07:24 PM IST

चंडीगढ़, दो जून (भाषा) पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को राज्य में किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) रखने वालों के लिए अलग-अलग फसलों पर सहकारिता ऋण की सीमा बढ़ाने का ऐलान किया।

यहां मीडिया से बात करते हुए मान ने कहा कि राज्य सरकार ने किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) रखने वालों के लिए नीति में बदलाव करने का फैसला किया है, ताकि इसे किसानों के लिए और ज्यादा फायदेमंद बनाया जा सके।

उन्होंने कहा कि गेहूं की फसल के लिए ऋण सीमा 24,300 रुपये प्रति एकड़ से बढ़ाकर 30,000 रुपये प्रति एकड़ कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पहली बार फसल के बचे हुए हिस्से (पराली) के प्रबंधन के लिए ऋण के तौर पर 2,000 रुपये प्रति एकड़ की रकम दी जाएगी।

मान ने कहा कि गन्ने की फसल के लिए ऋण की सीमा 44,000 रुपये प्रति एकड़ से बढ़ाकर एक लाख रुपये प्रति एकड़ कर दी गई है।

उन्होंने आगे कहा कि केसीसी योजना के तहत नई फसलें भी जोड़ी गई हैं, जिनके लिए किसानों को ऋण दिया जाएगा। यह राज्य सरकार की तरफ से प्रदेश में फसलों में विविधता को बढ़ावा देने की कोशिशों का हिस्सा है।

उन्होंने बताया कि पॉपुलर की खेती पर 2,000 रुपये प्रति एकड़, बांस पर 13,000 रुपये प्रति एकड़, ‘जामुन’ पर 23,000 रुपये प्रति एकड़, लेमन ग्रास पर 30,000 रुपये प्रति एकड़, लहसुन पर 1.57 लाख रुपये प्रति एकड़, रबी की प्याज की फसल पर 92,686 रुपये प्रति एकड़ और हाइब्रिड टमाटर पर 80,981 रुपये प्रति एकड़ की रकम दी जाएगी।

फलों के बारे में मान ने कहा कि ड्रैगन फ्रूट के लिए 47,000 रुपये प्रति एकड़ का ऋण दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मछली पालन के क्षेत्र में ऋण की सीमा 2.50 लाख रुपये से बढ़ाकर तीन लाख रुपये प्रति हेक्टेयर कर दी गई है, और सफेद झींगे के लिए 4.50 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर की ऋण सीमा को बढ़ाकर 5.50 लाख रुपये प्रति हेक्टेयर कर दिया गया है।

मान ने आगे कहा कि सहकारी बैंकों की आर्थिक हालत में भी सुधार किया जाएगा।

उन्होंने दावा किया कि पंजाब में सहकारी बैंक सात प्रतिशत के ब्याज पर ऋण देते हैं, जो कि सबसे कम है।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय