भांबरी और वीनस की जोड़ी जिनेवा ओपन में उपविजेता रही

Ads

भांबरी और वीनस की जोड़ी जिनेवा ओपन में उपविजेता रही

  •  
  • Publish Date - May 23, 2026 / 07:05 PM IST,
    Updated On - May 23, 2026 / 07:05 PM IST

जिनेवा, 23 मई (भाषा) भारत के युकी भांबरी और न्यूजीलैंड के उनके जोड़ीदार माइकल वीनस को शनिवार को जिनेवा ओपन के एटीपी 250 युगल फाइनल में कड़े मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा।

तीसरी वरीयता प्राप्त भारत-न्यूजीलैंड की जोड़ी को मोनाको के रोमैं अरनोडो और ऑस्ट्रेलिया के मार्क पोलमैन्स ने 6-3, 6-7 (7), 10-7 से हराकर खिताब अपने नाम किया।

भांबरी और वीनस ने लगभग दो घंटे तक चले इस रोमांचक मुकाबले में पहला सेट अपने नाम किया, लेकिन प्रतिद्वंद्वी जोड़ी ने दूसरा सेट जीतकर मैच को निर्णायक सुपर टाई-ब्रेकर तक पहुंचा दिया।

टाई-ब्रेकर में अरनोडो और पोलमैन्स ने शानदार खेल दिखाया। उन्होंने शुरुआत में बढ़त हासिल की और अहम मौकों पर संयम बनाए रखते हुए जीत दर्ज की।

भांबरी और वीनस ने इससे पहले सेमीफाइनल में चेक गणराज्य की पेट्र रिक्ल और एडम पावलासेक की जोड़ी को 7-5, 6-3 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था।

भांबरी के लिए हालांकि खिताब से चूकने के बावजूद, जिनेवा ओपन अभियान सकारात्मक रहा। हाल के वर्षों में भारत के शीर्ष युगल खिलाड़ियों में शामिल रहे भांबरी अब अपना ध्यान आगामी फ्रेंच ओपन पर केंद्रित करेंगे।

भाषा आनन्द नमिता

नमिता