बीडब्ल्यूएफ ने 2027 से वैश्विक बैडमिंटन को नया रूप देने के लिए व्यापक बदलावों का अनावरण किया

Ads

बीडब्ल्यूएफ ने 2027 से वैश्विक बैडमिंटन को नया रूप देने के लिए व्यापक बदलावों का अनावरण किया

  •  
  • Publish Date - February 9, 2026 / 04:37 PM IST,
    Updated On - February 9, 2026 / 04:37 PM IST

कुआलालंपुर, नौ फरवरी (भाषा) विश्व बैडमिंटन महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) ने सोमवार को 2027 से वैश्विक कैलेंडर में बड़े पैमाने पर बदलाव की घोषणा की है जिसके तहत विश्व टूर का विस्तार होगा, पुरस्कार राशि में बढोतरी होगी और खेल के वैश्विक विकास को तेज करने के लिए नये प्रतियोगिता प्रारूप पेश किए जाएंगे।

यह कदम पिछले साल बीडब्ल्यूएफ और उनके प्रसारण और वाणिज्यिक साझेदार ‘इनफ्रंट’ के साथ 2034 तक बढ़ाए गए लंबी अवधि के करार के बाद उठाये गये हैं।

नये प्रारूप के तहत बीडब्ल्यूएफ टूर्नामेंट में टीवी पर प्रसारित बैडमिंटन मैचों की संख्या 1,410 से बढ़कर लगभग 3,000 हो जाएगी।

इस सुधार का केंद्र बिंदु बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर है, जिसमें छह-स्तरीय संरचना में 36 टूर्नामेंट शामिल होंगे। इसमें टूर्नामेंट विश्व टूर फाइनल्स, पांच सुपर 1000 टूर्नामेंट, पांच सुपर 750, नौ सुपर 500, आठ सुपर 300 और आठ सुपर 100 टूर्नामेंट शामिल हैं। खास बात यह है कि सुपर 100 टूर्नामेंट पहली बार मुख्य टूर में शामिल होंगे।

सुपर 1000 के पांच टूर्नामेंट एशिया और यूरोप में आयोजित होंगे, जिसके एकल में 48 खिलाड़ी ग्रुप और फिर एलिमिनेशन चरण में प्रतिस्पर्धा करेंगे, जबकि युगल में 32 जोड़ियों का नॉकआउट ड्रॉ होगा। हर सुपर 1000 टूर्नामेंट 11 दिन तक दो सप्ताहांत में चलेगा और इसके 1,095 मैच पूरी दुनिया में प्रसारित किए जाएंगे।

बीडब्ल्यूएफ ने बताया कि विश्व टूर में कुल वार्षिक पुरस्कार पूल लगभग 26.9 मिलियन डॉलर होगा।

इसमें हर श्रेणी की पुरस्कार राशि में बढ़ोतरी की गयी है। सुपर 1000 टूर्नामेंट के लिए 20 लाख डॉलर, सुपर 750 के लिए 11 लाख , सुपर 500 के लिए 5.60 लाख, सुपर 300 के लिए 2.90 लाख और सुपर 100 के लिए 1.40 लाख डॉलर की पुरस्कार राशि रखी गयी है।

विश्व चैंपियनशिप में 2027 से ग्रुप चरण और फिर नॉकआउट चरण होंगे।  इसमें हर खिलाड़ी को कम से कम दो मैच खेलने का मौका मिलेगा। इसके अलावा, सुदीरमन कप फाइनल्स और थॉमस एवं उबेर कप फाइनल्स में अधिक टीमों को शामिल किया जाएगा, जिससे वैश्विक प्रतिनिधित्व बढ़ेगा।

विश्व टूर के लिए 2027 से 2030 तक के मेजबानों की पुष्टि कर दी गई है, जबकि विश्व टूर फाइनल्स के स्थल की घोषणा बाद में की जाएगी।

बीडब्ल्यूएफ अध्यक्ष खुनयिंग पटामा लीस्वादट्राकुल ने कहा, “हम ऐसा खेल तैयार कर रहे हैं जो अगली पीढ़ी से जुड़े। प्रतियोगिता प्रारूप, बढ़ी हुई पुरस्कार राशि, प्रसारण रणनीति और ‘स्पॉन्सरशिप वैल्यू चेन’ हर पहलू को 21वीं सदी के वैश्विक खेल की मांगों के अनुसार नया रूप दिया गया है।”

बीडब्ल्यूएफ के महासचिव थॉमस लुंड ने कहा कि ये बदलाव खिलाड़ियों को खेल के केंद्र में रखते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘हम एक भविष्य-सक्षम ढांचा बना रहे हैं जो सतत विकास को बढ़ावा देगा और बैडमिंटन की वैश्विक पहुंच को और मजबूत करेगा। यह कदम बैडमिंटन को वैश्विक रूप से प्रतिस्पर्धात्मक और वाणिज्यिक रूप से आकर्षक बनाता है, साथ ही खिलाड़ियों को उचित पुरस्कार और लंबे समय तक शीर्ष स्तर पर भागीदारी सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।’’

भाषा आनन्द सुधीर

सुधीर