डेविड मिलर की मंशा में कमी नहीं निकाल सकते : गावस्कर

Ads

डेविड मिलर की मंशा में कमी नहीं निकाल सकते : गावस्कर

  •  
  • Publish Date - April 9, 2026 / 12:40 PM IST,
    Updated On - April 9, 2026 / 12:40 PM IST

नयी दिल्ली, नौ अप्रैल (भाषा) भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ आईपीएल के रोमांचक मैच में एक रन लेने से इनकार करने वाले दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज डेविड मिलर का बचाव करते हुए कहा कि उनकी मंशा में कमी नहीं निकाल सकते ।

जीत के लिये 211 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली को दो गेंद में दो रन की जरूरत थी लेकिन आखिरी ओवर की पांचवीं गेंद पर मिलर ने एक रन लेने से इनकार कर दिया । वह आखिरी गेंद पर चूके लेकिन एक रन के लिये भागे लेकिन जोस बटलर के थ्रो पर कुलदीप यादव रन आउट हो गए ।

गावस्कर ने ‘जियो हाटस्टार’ से कहा ,‘‘ डेविड मिलर बहुत अच्छा खेल रहा था और उसे खुद पर भरोसा था कि वह मैच फिनिश करेगा । उसकी मंशा में कमी नहीं निकाल सकते । प्रसिद्ध कृष्णा ने एक शानदार धीमा बाउंसर डाला जिसे वह खेल नहीं सका । दबाव के हालात में ऐसा हो जाता है।’’

क्रिकेटर से कमेंटेटर बने गावस्कर ने कहा कि दबाव के हालात में मैच की स्थिति को लेकर चौकस रहना काफी अहम है जो भारत के पूर्व कोच रवि शास्त्री ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ 1986 में टाई रहे मैच में दिखाई थी ।

चेन्नई में उस मैच में भारत 348 रन के लक्ष्य का पीछा कर रहा था । शास्त्री ने नाबाद 48 रन बनाये और सही समय पर एक रन लेकर भारत को 347 रन तक पहुंचाया जबकि आखिरी गेंद पर मनिंदर सिंह आउट हो गए । वह मैच ड्रॉ रहा ।

गावस्कर ने कहा ,‘‘ इसी समय पर मैच के हालात को लेकर जागरूक रहना जरूरी है । मुझे इससे रवि शास्त्री का वह एक रन याद आता है जो 1986 में आस्ट्रेलिया के खिलाफ उसने सही समय पर लेकर स्कोर बराबर कर दिया था ।’

इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर केविन पीटरसन ने अफगानिस्तान के स्पिनर राशिद खान की तारीफ की जिन्होंने गुजरात के लिये चार ओवर में 17 रन देकर तीन विकेट लिये ।

उन्होंने कहा ,‘‘ राशिद खान ने जबर्दस्त गेंदबाजी की । लेकिन एक ईकाई के रूप में गुजरात की गेंदबाजी उतनी अच्छी नहीं थी लेकिन खेल में ऐसा होता है ।’’

भाषा मोना

मोना