छत्तीसगढ़ तेजी से खेल स्थल के तौर पर उभर रहा है: मुख्यमंत्री साय

छत्तीसगढ़ तेजी से खेल स्थल के तौर पर उभर रहा है: मुख्यमंत्री साय

छत्तीसगढ़ तेजी से खेल स्थल के तौर पर उभर रहा है: मुख्यमंत्री साय
Modified Date: September 15, 2026 / 07:20 pm IST
Published Date: September 15, 2026 7:20 pm IST

रायपुर, 15 सितंबर (भाषा) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को कहा कि राज्य तेजी से देश के उभरते खेल स्थल के रूप में अपनी पहचान बना रहा है।

मुख्यमंत्री साय ने आज नवा रायपुर स्थित फेयरवे गोल्फ एंड कंट्री क्लब रिजॉर्ट में प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ कार्यक्रम को संबोधित किया।

अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री साय और डीपी वर्ल्ड पीजीआईटी के अध्यक्ष कपिल देव ने नवा रायपुर ओपन 2026 का संयुक्त रूप से उद्घाटन किया।

मुख्यमंत्री साय ने विश्वास व्यक्त किया कि यह टूर्नामेंट आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ की नई पहचान बनेगा और नवा रायपुर को देश-दुनिया के प्रमुख गोल्फ स्थल के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

साय ने प्रतियोगिता की आकर्षक ट्रॉफी का अनावरण किया तथा देश-विदेश से आए पेशेवर गोल्फ खिलाड़ियों का छत्तीसगढ़ की धरती पर स्वागत किया।

अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने गोल्फ कोर्स पर स्वयं गोल्फ में हाथ आजमाया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा, ”यह प्रदेश के लिए प्रसन्नता और गौरव का विषय है कि नवा रायपुर में देश के पेशेवर गोल्फ का इतना प्रतिष्ठित आयोजन हो रहा है। प्रतियोगिता में देश-विदेश के 132 पेशेवर खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें 18 विदेशी खिलाड़ी भी शामिल हैं। इतने बड़े स्तर पर देश और दुनिया के श्रेष्ठ गोल्फ खिलाड़ियों का छत्तीसगढ़ आना प्रदेश में खेलों के लिए विकसित हो रहे अनुकूल वातावरण का परिचायक है।”

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों का प्रभाव केवल खेल मैदान तक सीमित नहीं रहता। इससे प्रदेश की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान मजबूत होती है, खेल पर्यटन को प्रोत्साहन मिलता है और स्थानीय युवाओं को विश्वस्तरीय खिलाड़ियों को करीब से देखने एवं उनसे प्रेरणा लेने का अवसर मिलता है।

अधिकारियों ने बताया कि टूर्नामेंट की कुल पुरस्कार राशि एक करोड़ रुपये है। टूर्नामेंट 15 से 18 सितंबर तक खेला जाएगा। वर्ष 2026 में नवा रायपुर में यह डीपी वर्ल्ड पीजीआईटी का दूसरा टूर्नामेंट है।

अधिकारियों ने बताया कि प्रतियोगिता में भारत के कई प्रमुख पेशेवर खिलाड़ी उतरेंगे जिनमें वीर अहलावत, मनु गंडास, अक्षय शर्मा, हनी बैसोया, खलिन जोशी, राशिद खान, मनु गंडास और महू के ओम प्रकाश चौहान शामिल हैं। इनमें अहलावत जापान के आइची-नागोया में होने वाले 2026 एशियाई खेलों में युवराज संधू और सप्तक तलवार के साथ भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

अधिकारियों ने बताया कि टूर्नामेंट में भाग लेने वाले प्रमुख विदेशी खिलाड़ियों में श्रीलंका के एन थंगराजा और मिथुन परेरा, चेक गणराज्य के स्टेपन डानेक, थाईलैंड के तनापत पिचाइकूल, बांग्लादेश के जमाल हुसैन और बादल हुसैन, नेपाल के सुभाष तमांग, युगांडा के जोशुआ सील, अमेरिका के कोइचिरो सातो और डोमिनिक पिचिरिलो, जापान के ताइगा तनाका, आयरलैंड के डेक्लन केनी और कनाडा के सुखराज सिंह गिल शामिल हैं।

भाषा संजीव जितेंद्र सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में