सुथार जैसे अच्छे खिलाड़ी मिलने का श्रेय बीसीसीआई को जाता है: कोटक

सुथार जैसे अच्छे खिलाड़ी मिलने का श्रेय बीसीसीआई को जाता है: कोटक

सुथार जैसे अच्छे खिलाड़ी मिलने का श्रेय बीसीसीआई को जाता है: कोटक
Modified Date: June 8, 2026 / 06:01 pm IST
Published Date: June 8, 2026 6:01 pm IST

मुल्लांपुर, आठ जून (भाषा) भारतीय बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने सोमवार को कहा कि बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार के अपने पदार्पण टेस्ट मैच में ही शानदार प्रदर्शन करने का श्रेय भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) की प्रतिभा पहचान के लिए बनाई गई मजबूत संरचना को जाता है।

सुथार ने अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच की पहली पारी में छह विकेट सहित मैच में सात विकेट लिए जिससे भारत ने यह मैच तीन दिन के भीतर पारी और 300 रन से जीतकर अपनी सबसे बड़ी जीत हासिल की।

कोटक ने मैच के बाद कहा, ‘‘उसने (सुथार ने) वास्तव में बहुत अच्छी गेंदबाजी की। वह होनहार खिलाड़ी है और उसका प्रदर्शन शानदार रहा। पिछले दो-तीन वर्षों से मानव लगातार भारत ए और भारत इमर्जिंग टीम के लिए खेल रहा है। यह उसके लिए एक शानदार मौका था और उसने अच्छा प्रदर्शन भी किया। असल में उसने बहुत अच्छी बल्लेबाजी भी की जो बहुत संतोषजनक है।’’

कोटक ने सुथार के अच्छे प्रदर्शन का श्रेय बीसीसीआई के ढांचे को दिया जो प्रतिभा की पहचान करता है, उसे निखारता है और मौके देता है।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि बीसीसीआई का ढांचा बहुत मददगार है क्योंकि टेस्ट स्तर पर आने से पहले खिलाड़ी बहुत सारे मैच खेलते हैं। आयु वर्ग क्रिकेट, रणजी ट्रॉफी और भारत ए तक पहुंचने के सफर में कई मैच खेलने को मिलते हैं। इससे सभी खिलाड़ियों को बहुत अच्छा अनुभव मिलता है।’’

कोटक ने कहा, ‘‘बेशक, मानव भी उन्हीं खिलाड़ियों में से एक है जो पिछले तीन-चार वर्षों से अच्छा प्रदर्शन कर रहा है इसलिए उसे शुभकामनाएं।’’

जब पूछा गया कि टीम प्रंधबन ने हर्ष दुबे के बजाय राजस्थान के गेंदबाज सुथार को क्यों चुना तो कोटक ने इसके बारे में विस्तार से बताया।

कोटक ने कहा, ‘‘पिछले तीन वर्षों में मानव उस शिविर (सीओई में) का हिस्सा रहा है जिसे मैंने आयोजित किया था। जब हमने इमर्जिंग एशिया कप या ऐसा ही कोई टूर्नामेंट खेला तो वह भारत इमर्जिंग टीम का हिस्सा था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ श्रृंखला के लिए भी वह भारत ए टीम में था। अहमदाबाद में इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई तीन मैच की श्रृंखला में भी वह टीम का हिस्सा था। उन्होंने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है और वह बहुत मेहनती है।’’

वाशिंगटन सुंदर ने सीनियर भारतीय टीम के लिए 2017 में पदार्पण किया और तब कोटक राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी से नहीं जुड़े थे। पिछले दशक में कोटक जिस चीज से सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं वह है तमिलनाडु के इस ऑलराउंडर की काम के प्रति लगन जिसे वह ‘शानदार’ मानते हैं।

कोटक ने कहा, ‘‘वह लंबे समय से प्रणाली का हिस्सा रहे हैं… 2019 में मैंने भारत ए के साथ जब पहली श्रृंखला में जिम्मेदारी निभाई थी तो वह उसमें शामिल था। मुझे लगता है कि मेरे आने से पहले ही (2017 में) वह भारत के लिए खेल चुका था इसलिए वह काफी समय से प्रक्रिया का हिस्सा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘वह काफी परिपक्व है। जब आप वाशिंगटन को देखते हैं विशेषकर टी20 में तो कुछ पारियों में उनकी गेंदबाजी को देखकर इसका अंदाजा लगता है।’’

भाषा सुधीर मोना

मोना


लेखक के बारे में