SL Akshay Passes Away. Image Source- AI Image
नई दिल्लीः SL Akshay Passes Away: इंडियन प्रीमियर लीग के बीच बेंगलुरु से भारतीय क्रिकेट जगत के लिए एक दुखद खबर सामने आई है। कर्नाटक के पूर्व तेज गेंदबाज एसएल अक्षय का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उन्होंने मात्र 39 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली। उनके अचानक निधन से कर्नाटक क्रिकेट जगत में शोक की लहर है। जानकारी के अनुसार, एसएल अक्षय रविवार को कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) के तीसरे डिवीजन मैच में सैफायर क्रिकेट क्लब की ओर से खेल रहे थे। मैच के दौरान चार ओवर गेंदबाजी करने के बाद उन्होंने असहज महसूस होने की शिकायत की और मैदान से बाहर चले गए। इसके बाद उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
SL Akshay Passes Away: बता दें कि एसएल अक्षय कर्नाटक की उस टीम का हिस्सा रहे थे, जिसने 2014-15 सीजन में रणजी ट्रॉफी का खिताब जीता था। उन्होंने वर्ष 2011 से 2013 के बीच कर्नाटक के लिए 6 फर्स्ट क्लास, 3 लिस्ट-ए और 9 टी20 मुकाबले खेले थे। अपने करियर के दौरान उन्होंने कई चर्चित खिलाड़ियों के साथ क्रिकेट खेला, जिनमें केएल राहुल और मनीष पांडे जैसे नाम शामिल हैं। क्रिकेट से संन्यास के बाद भी अक्षय खेल से जुड़े रहे। वह जूनियर खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दे रहे थे और कर्नाटक अंडर-19 टीम के साथ कोचिंग की जिम्मेदारी निभा रहे थे। युवा खिलाड़ियों को मार्गदर्शन देने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका मानी जाती थी।
कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि अक्षय ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में कर्नाटक का शानदार प्रतिनिधित्व किया और खेल करियर समाप्त होने के बाद भी पूरी निष्ठा के साथ क्रिकेट की सेवा करते रहे। अक्षय के आकस्मिक निधन से उनके परिवार, मित्रों और पूरे कर्नाटक क्रिकेट समुदाय को गहरा आघात पहुंचा है। क्रिकेट जगत से जुड़े कई खिलाड़ियों और अधिकारियों ने उनके निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित की है।