दबंग दिल्ली ने यूटीटी में कोलकाता थंडरब्लेड्स पर 3-2 से दर्ज की रोमांचक जीत
दबंग दिल्ली ने यूटीटी में कोलकाता थंडरब्लेड्स पर 3-2 से दर्ज की रोमांचक जीत
पणजी, 11 जुलाई (भाषा) युवा खिलाड़ी अंकुर भट्टाचार्जी ने भारतीय टीम के अपने सीनियर साथी जी साथियान को सीधे गेमों में हरा दिया लेकिन सुतीर्था मुखर्जी के शानदार प्रदर्शन की बदौलत दबंग दिल्ली टीटीसी ने शनिवार को अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) में कोलकाता थंडरब्लेड्स को 3-2 से हरा दिया।
एशियाई खेलों के लिए भारतीय टीम में शामिल सुतीर्था ने अपनी महिला युगल जोड़ीदार आयहिका मुखर्जी के खिलाफ बेहतर रणनीति और शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 11-6, 11-2, 11-7 से सीधे गेमों में जीत दर्ज की और दिल्ली को बेहद करीबी मुकाबले में जीत दिलाई।
अंतिम मुकाबले से पहले दिल्ली 5-7 से पीछे थी और उसे महिला एकल में क्लीन स्वीप की जरूरत थी। सुतीर्था ने दमदार प्रदर्शन करते हुए यह लक्ष्य हासिल कर लिया।
पहले दो मुकाबलों के बाद दोनों टीमों का स्कोर 3-3 से बराबर था, लेकिन मिश्रित युगल मुकाबले में दिल्ली की जीत ने उसे 5-4 की बढ़त दिला दी।
पुरुष एकल के पहले मैच में दिल्ली के यूसुफ अब्देलअजीज (मिस्र) ने रोमानिया के एडुआर्ड इओनेस्कु को 6-11, 11-7, 11-4 से हराकर अपनी टीम को बढ़त दिलाई।
इसके बाद महिला एकल में कोलकाता की जेंग जियान ने मारिया शियाओ को 11-3, 8-11, 11-9 से हराकर मुकाबला बराबरी पर ला दिया।
मिश्रित युगल में साथियान और मारिया शियाओ की दिल्ली की जोड़ी ने अंकुर भट्टाचार्जी और जेंग जियान की कोलकाता की जोड़ी को 11-5, 7-11, 11-5 से हराकर दिल्ली को फिर बढ़त दिला दी।
इसके बाद अंकुर भट्टाचार्जी ने शानदार खेल दिखाते हुए मुकाबले का रुख बदल दिया। उन्होंने आगामी एशियाई खेलों में भारतीय टीम की अगुआई करने वाले अनुभवी साथियान को लगातार दबाव में रखा और 11-10, 11-6, 11-10 से शानदार जीत दर्ज की।
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द

Facebook


