… जी उन्नीकृष्णन …
बेंगलुरु, नौ अगस्त (भाषा) भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने रविवार को कहा कि बोर्ड इस सत्र की दलीप ट्रॉफी के फाइनल मुकाबले को ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ के बजाय किसी स्टेडियम में कराने की संभावना पर विचार करेगा। उन्होंने यह भी बताया कि घरेलू क्रिकेट के अधिक मुकाबलों का सीधा प्रसारण किया जाएगा, ताकि प्रशंसकों को अपने पसंदीदा खिलाड़ियों और टीमों को खेलते हुए देखने का मौका मिल सके। भारत का 2026-27 घरेलू सत्र दलीप ट्रॉफी के साथ शुरू होगा जिसका आयोजन 23 अगस्त से 10 सितंबर तक बीसीसीआई के ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ में किया जाना है। इस परिसर में दर्शकों के प्रवेश पर रोक है। ऐसे में सैकिया ने कम से कम फाइनल के आयोजन स्थल पर पुनर्विचार का संकेत दिया। सैकिया ने बीसीसीआई ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ में चुनिंदा मीडिया से बातचीत में कहा, ‘‘जब इस जमीन का अधिग्रहण किया था तब इसमें कुछ शर्तें शामिल थीं। इनके तहत इस परिसर में दर्शकों को प्रवेश देने की अनुमति नहीं है। यह सरकार का नियम है और हम इसका उल्लंघन नहीं कर सकते।’’ उन्होंने कहा कि टीम के सदस्यों के बेहद करीबी लोगों को हालांकि प्रवेश की अनुमति दी जा सकती है। सैकिया ने कहा, ‘लेकिन इस साल हमने लाइव प्रसारित किए जाने वाले मैचों की संख्या बढ़ाई है। इस तरह हम प्रशंसकों को अपने पसंदीदा खिलाड़ियों और टीमों को मैदान पर खेलते हुए देखने का अधिक अवसर दे रहे हैं।’ बीसीसीआई सचिव ने कहा कि बोर्ड खिताबी मुकाबले को किसी अन्य मैदान पर आयोजित करने की संभावना पर विचार करेगा। उन्होंने कहा, ‘‘यह एक विकल्प है और हम निश्चित रूप से इस सुझाव पर विचार करेंगे कि फाइनल किसी स्टेडियम में कराया जा सकता है या नहीं। अभी हमारे पास समय है। हम इस पहलू पर विचार करेंगे और जरूरत पड़ी तो ऐसा किया जाएगा।’’ सैकिया ने कहा कि फिलहाल बोर्ड ने पिछले वर्ष की तुलना में अधिक घरेलू मुकाबलों के सीधे प्रसारण का फैसला किया है। इस दौरान बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास, संयुक्त सचिव प्रभतेज सिंह और वीवीएस लक्ष्मण भी मौजूद थे। भाषा आनन्द नमितानमिता