डेविड, पाटीदार और पडीक्कल का धमाल, आरसीबी ने बनाए तीन विकेट पर 250 रन

Ads

डेविड, पाटीदार और पडीक्कल का धमाल, आरसीबी ने बनाए तीन विकेट पर 250 रन

  •  
  • Publish Date - April 5, 2026 / 10:03 PM IST,
    Updated On - April 5, 2026 / 10:03 PM IST

बेंगलुरु, पांच अप्रैल (भाषा) रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने टिम डेविड (नाबाद 70), देवदत्त पडीक्कल (50 रन) के अर्धशतकों के साथ कप्तान रजत पाटीदार की नाबाद 48 रन की पारी से रविवार को यहां इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के टी20 मैच में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ तीन विकेट पर 250 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।

पडिक्कल (29 गेंद, पांच चौके, दो छक्के) और डेविड (25 गेंद, तीन चौके, आठ छक्के) ने धमाकेदार हिटिंग का प्रदर्शन करते हुए सीएसके के बेबस गेंदबाजों की जमकर धुनाई की।

कप्तान पाटीदार ने 19 गेंदों में नाबाद 48 रन बनाए जिसमें एक चौका और छह छक्के जड़े थे।

रनों की बारिश की शुरुआत पडीक्कल ने की जिन्होंने दो अहम साझेदारियां निभाईं। उन्होंने दूसरी विकेट के लिए फिल सॉल्ट (46 रन) के साथ 37 गेंद में 56 रन (37 गेंद) की और तीसरी विकेट के लिए कप्तान पाटीदार के साथ 21 गेंद में 58 रन की भागीदारी की।

चिन्नास्वामी की पिच पर थोड़ी धीमी थी जिस पर बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद आरसीबी के लिए ये साझेदारियां बहुत अहम रहीं।

दूसरी विकेट की साझेदारी के दौरान सॉल्ट ज्यादा हावी रहे और इस भागीदारी से टीम को विराट कोहली (28 रन) के जल्दी आउट होने के झटके से उबरने में मदद की। कोहली जब सात रन के स्कोर पर थे तब शिवम दुबे ने खलील अहमद की गेंद पर उनका कैच छोड़ दिया था।

सॉल्ट की तेज पारी से घरेलू टीम को पावरप्ले में एक विकेट पर 51 रन तक पहुंचाने में मदद की।

लेकिन सॉल्ट ज्यादा देर तक टिक नहीं पाए, उन्होंने दुबे की गेंद पर डीप में अहमद को एक आसान सा कैच थमा दिया।

पडीक्कल इस समय तक 18 रन पर थे, उन्होंने दुबे की गेंद पर दो छक्के और एक चौका जड़ा। इसके साथ ही आरसीबी का रन रेट इस पारी में पहली बार 10 रन प्रति ओवर के आंकड़े को पार कर गया।

उन्होंने मैट हेनरी की गेंद पर एक रन लेकर इस सत्र में अपना लगातार दूसरा अर्धशतक पूरा किया। लेकिन फिर वह जेमी ओवरटन की गेंद पर ‘रिवर्स स्कूप’ खेलने की कोशिश में बोल्ड हो गए।

लेकिन तब तक आरसीबी ने 11 से 15 ओवरों के बीच 62 रन बना लिए थे। पाटीदार ने डेविड के साथ मिलकर नींव को और मजबूत किया।

आरसीबी का स्कोर 15 ओवरों के बाद तीन विकेट पर 153 रन था। इसके बाद टीम ने आखिरी पांच ओवरों में 97 रन और जोड़े। इसके साथ उन्होंने सीएसके के गेंदबाजों की आखिरी ओवरों में की गई कुछ खराब गेंदबाजी का भी फायदा उठाया।

पाटीदार और डेविड ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए चौथे विकेट के लिए 36 गेंद में 99 रन की अटूट साझेदारी की। गेंद चिन्नास्वामी स्टेडियम के हर कोने में उड़ती रही।

पाटीदार ने खलील अहमद की जमकर धुनाई की। पाटीदार ने उनके चौथे और आखिरी ओवर में दो छक्के और एक चौका जड़ दिया।

डेविड ने 17वें ओवर में नूर अहमद को तीन छक्के जड़कर रनों की इस बौछार में अपना योगदान दिया।

इस ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने 19वें ओवर में ओवरटन पर चार छक्के जड़े जिनमें से तीन लगातार लगे थे।

इस तरह एक मजबूत बल्लेबाजी क्रम के सामने सीएसके की गेंदबाजी की कमजोरियां एक बार फिर उजागर हो गईं।

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द