दीप्ति की फॉर्म चिंता का विषय है, लेकिन वह वापसी करेंगी: मजूमदार

दीप्ति की फॉर्म चिंता का विषय है, लेकिन वह वापसी करेंगी: मजूमदार

दीप्ति की फॉर्म चिंता का विषय है, लेकिन वह वापसी करेंगी: मजूमदार
Modified Date: April 24, 2026 / 06:50 pm IST
Published Date: April 24, 2026 6:50 pm IST

जोहानिसबर्ग, 24 अप्रैल (भाषा) भारतीय महिला टीम के मुख्य कोच अमोल मजूमदार ने अनुभवी हरफनमौला दीप्ति शर्मा के राष्ट्रीय टीम के साथ लंबे समय से चल रहे खराब दौर को चिंताजनक करार देते हुए उम्मीद जताई कि वह जल्द ही फॉर्म में वापसी करेंगी।

हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में लगातार तीन मैच हारकर श्रृंखला गंवा चुकी है। इस दौरान दीप्ति का गेंदबाजी प्रदर्शन निराशाजनक रहा है और वह अब तक एक भी विकेट हासिल नहीं कर सकी हैं।

इस श्रृंखला के तसरे मैच में लॉरा वोल्वार्ट और सुने लुस ने दीप्ति की गेंदबाजी की जमकर धुनाई करते हुए उनके 3.3 ओवर में 46 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका ने इस मैच में 192 रन का लक्ष्य एक विकेट गंवा कर हासिल कर लिया।

पिछले 10 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों (तीनों प्रारूपों में) में दीप्ति का योगदान भी सीमित रहा है, जहां उन्होंने केवल 51 रन बनाए और सात विकेट ही लिए हैं।

चौथे मैच से पहले मजूमदार ने कहा, “मैं बात घुमाना नहीं चाहता, दीप्ति के मामले में यह निश्चित रूप से थोड़ी चिंता की बात है।”

उन्होंने कहा, ‘‘ लय अस्थायी होती है और कौशल स्थायी। यह एक आम कहावत है, लेकिन सभी खिलाड़ियों पर लागू होती है। इसमें कोई संदेह नहीं कि वह कमाल की खिलाड़ी है। हमने विश्व कप और बड़े टूर्नामेंटों में दबाव की परिस्थितियों में उनके प्रदर्शन को देखा है।”

उन्होंने कहा, ‘‘यह केवल समय की बात है कि वह लय में लौटें और मुझे तथा पूरे देश को उम्मीद है कि यह कल से ही शुरू हो जाए। वह लंबे समय से टीम की अहम खिलाड़ी रही हैं और मध्यक्रम में बड़ी जिम्मेदारी निभाती आई हैं। इस समय वह भारतीय महिला क्रिकेट की प्रमुख स्तंभों में से एक हैं।’’

जून में इंग्लैंड में होने वाले टी20 विश्व कप से पहले कम समय बचा है, ऐसे में मजूमदार चाहते हैं कि गेंदबाजी इकाई खासकर पावरप्ले ओवरों में बेहतर प्रदर्शन करे।

उन्होंने कहा, ‘‘अगर इस श्रृंखला को भारतीय नजरिए से देखें तो हमारी सबसे बड़ी चिंता पावरप्ले में विकेट नहीं लेना है। इस पर हमने गंभीर चर्चा की है। यह इस दौरे की प्रमुख चिंताओं में से एक है, लेकिन मुझे विश्वास है कि गेंदबाज आने वाले मैचों में बेहतर प्रदर्शन करेंगे।’’

भाषा आनन्द नमिता

नमिता


लेखक के बारे में