शेफाली को बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल में भारतीय मध्यक्रम के दमदार प्रदर्शन का भरोसा

शेफाली को बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल में भारतीय मध्यक्रम के दमदार प्रदर्शन का भरोसा

शेफाली को बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल में भारतीय मध्यक्रम के दमदार प्रदर्शन का भरोसा
Modified Date: September 9, 2026 / 09:42 pm IST
Published Date: September 9, 2026 9:42 pm IST

दुबई, नौ सितंबर (भाषा) भारतीय सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने बुधवार को भरोसा जताया कि बृहस्पतिवार को महिला एशिया कप के सेमीफाइनल में बांग्लादेश के खिलाफ टीम का मध्यक्रम अच्छा प्रदर्शन करेगा।

उन्होंने साथ ही कहा कि पिछले कुछ मैच में कम स्कोर बनना महत्वपूर्ण मुकाबले से पहले चिंता का विषय नहीं होना चाहिए।

पिछले तीन मैच में भारत का मध्यक्रम रन बनाने के लिए संघर्ष करता नजर आया है, लेकिन शेफाली ने कहा कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं कहूंगी कि कुछ दिन खराब रहे हैं। लेकिन वे सभी बहुत अच्छी खिलाड़ी और बेहतरीन बल्लेबाज हैं। भारती (फुलमाली) और ऋचा (घोष) की बात करें तो वे दोनों बहुत अच्छी ‘फिनिशर’ हैं और मध्यक्रम में भी शानदार काम कर रही हैं। इसलिए मुझे पूरा भरोसा है कि वे हमारी टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन करेंगी। ’’

भारत को सेमीफाइनल की तैयारी के लिए चार दिन का समय मिला। शेफाली ने कहा कि इस ब्रेक से खिलाड़ियों को थकान से अच्छी तरह उबरने और अभ्यास करने में मदद मिली।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने अच्छी तैयारी की है। हमें चार दिन का ब्रेक मिला और इन दिनों हमने अच्छी तरह ‘रिकवरी’ की और अभ्यास भी किया। इसलिए हम सभी सेमीफाइनल के लिए तैयार हैं। ’’

हाल के दिनों में बांग्लादेश के खिलाफ शेफाली का प्रदर्शन यादगार रहा है और अब वह सेमीफाइनल में एक बार फिर इसी प्रतिद्वंद्वी का सामना करेंगी।

जब उनसे पूछा गया कि क्या पिछले अच्छे प्रदर्शन से उन्हें अतिरिक्त आत्मविश्वास मिलेगा तो शेफाली ने कहा कि वह उन पारियों से मिले आत्मविश्वास को जरूर साथ रखेंगी, लेकिन मैच में नए सिरे से शुरुआत करेंगी।

उन्होंने कहा, ‘‘एक बल्लेबाज के तौर पर जब भी मैं बल्लेबाजी करने जाती हूं, तो सब कुछ शून्य से शुरू होता है। लेकिन पिछली पारी से जो चीज मेरे साथ आती है, वह आत्मविश्वास है। मैं उस आत्मविश्वास को साथ लेकर फिर से शून्य से शुरुआत करूंगी। ’’

भारत की अंतिक एकादश में बदलाव की संभावना के बारे में शेफाली ने कहा कि इसका फैसला कप्तान हरमनप्रीत कौर करेंगी।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं कप्तान नहीं हूं इसलिए इसका फैसला कप्तान ही करेंगी। मैं बस अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करती हूं। ’’

दुबई की परिस्थितियों में स्पिन गेंदबाजों को कुछ मदद मिल रही है, लेकिन शेफाली का मानना है कि भारतीय खिलाड़ी इन परिस्थितियों से परिचित हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘हां, बिल्कुल। यहां की परिस्थितियां भारत जैसी ही हैं इसलिए हम सभी इन्हें जानते हैं। विकेट पर थोड़ी टर्न है। हम सभी इसके लिए तैयार हैं और मैं भी परिस्थितियों को समझती हूं। इसलिए मैं मैदान पर जाऊंगी, अपना समय लूंगी और खेल का आनंद लेने की कोशिश करूंगी। ’’

भाषा नमिता सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में