डरबन, 19 अप्रैल (भाषा) सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा के आक्रामक 57 रन के बावजूद भारत की पारी रविवार को यहां दूसरे महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 147 रन पर सिमट गई।
शेफाली ने पदार्पण कर रही अनुष्का शर्मा (28) के साथ दूसरे विकेट के लिए 53 रन की अच्छी साझेदारी की। अनुष्का हालांकि इस दौरान तेजी से रन बनाने के लिए संघर्ष करती दिखीं।
शेफाली ने 38 गेंद की पारी में सात चौके और दो छक्के लगाये।
डरबन की पिच पर उछाल में कुछ असमानता देखी गई और मैच आगे बढ़ने के साथ यह भारतीय स्पिनरों के लिए मददगार साबित हो सकती है।
भारतीय टीम 12 ओवर के बाद दो विकेट पर 97 रन के साथ अच्छी स्थिति में थी, लेकिन टीम ने इसके बाद आठ ओवर में 50 रन के अंदर आठ विकेट गंवा दिए।
दक्षिण अफ्रीका के लिए क्लो ट्रायोन ने 22 रन पर तीन विकेट लिए, जबकि तुमी सेखुखुने ने 31 रन देकर तीन विकेट लिए।
बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर शेफाली वर्मा ने शुरुआती ओवर में तुमी सेखुखुने के खिलाफ कदमों का इस्तेमाल करते हुए लॉन्ग ऑन के ऊपर से छक्का जड़ दिया, वहीं स्मृति मंधाना ने पिछले मैच की स्टार आयोबोंगा खाका के खिलाफ दूसरे ओवर में तीन चौके जड़कर हाथ खोले।
मंधाना हालांकि अगले ओवर में ट्रायोन की गेंद पर स्वीप शॉट खेलते हुए स्क्वायर लेग बाउंड्री पर कैच दे बैठीं।
शेफाली पर इस विकेट का कोई असर नहीं पड़ा और उन्होंने सेखुखुने के खिलाफ लगातार गेंदों पर दो चौके और एक छक्का जड़ दिया।
शानदार लय में चल रहीं जेमिमा रोड्रिग्स (दो) ट्रायोन का दूसरा शिकार बनीं, लेकिन अनुष्का अपनी पहली ही गेंद पर चौका जड़ा, जिससे पावरप्ले में भारत का स्कोर दो विकेट पर 58 रन हो गया।
शेफाली ने नाडिन डिक्लार्क और नोनकुलुलेको मलाबा के खिलाफ चौके लगाए।
मलाबा ने 10वें ओवर में अपनी ही गेंद पर अनुष्का का आसान कैच छोड़कर उन्हें जीवनदान दिया, जबकि शेफाली ने अगली गेंद पर एक रन के साथ 29 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
अनुष्का ने 12वें ओवर में एनेरी डर्कसेन के खिलाफ दो चौके लगाए, लेकिन वह तेजी से रन बनाने के लिए संघर्ष कर रही थीं, वहीं शेफाली को ज्यादा स्ट्राइक नहीं मिल पा रही थी।
रनगति तेज करने की कोशिश में अनुष्का ट्रायोन की गेंद को ताजमिन ब्रिट्स के हाथों में खेल गईं।
कप्तान हरमनप्रीत कौर (12) ने क्रीज पर आते ही चौका जड़ा, लेकिन मलाबा की गेंद पर डि क्लार्क ने शानदार कैच लपककर शेफाली की पारी का अंत किया।
दीप्ति शर्मा (एक) और ऋचा घोष (तीन) के सस्ते में पवेलियन लौटने से भारत की रनगति कम होती चली गई।
भारत की उम्मीदें हरमनप्रीत पर थीं, लेकिन डर्कसेन के थ्रो पर विकेटकीपर सिनेलो जाफ्ता के शानदार प्रयास से वह रन आउट हो गईं।
अरुंधति रेड्डी (14) और श्री चरणी (नाबाद सात) ने आखिरी ओवर में क्रमश: छक्का और चौका लगाकर टीम के स्कोर को 147 तक पहुंचाया।
भाषा आनन्द आनन्द नमिता
नमिता