खालिन जोशी ने जीता जेएंडके ओपन गोल्फ खिताब

Ads

खालिन जोशी ने जीता जेएंडके ओपन गोल्फ खिताब

  •  
  • Publish Date - August 7, 2026 / 04:06 PM IST,
    Updated On - August 7, 2026 / 04:06 PM IST

श्रीनगर, सात अगस्त (भाषा) खालिन जोशी ने शुक्रवार को यहां पांच अंडर 66 का कार्ड खेलकर खूबसूरत रॉयल स्प्रिंग्स गोल्फ कोर्स में एक करोड़ पुरस्कार राशि के जेएंडके ओपन में नौ शॉट से शानदार जीत दर्ज की।

बेंगलुरु के 33 वर्षीय गोल्फर ने 63, 66, 65 और 66 के कार्ड खेले जिससे टूर्नामेंट में उनका कुल स्कोर 24-अंडर 260 रहा। इससे वह अपना आठवां पेशेवर खिताब और 2026 डीपी विश्व पीजीटीआई सत्र में दूसरी जीत दर्ज करने में सफल रहे।

जोशी को इस खिताबी जीत से 15 लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिली और इसकी बदौलत वह पांच पायदान के फायदे से डीपी विश्व पीजीटीआई रैंकिंग में 13वें से आठवें स्थान पर पहुंच गए। इससे इस सत्र में उनकी कुल कमाई 34,85,575 रूपये हो गई।

दिल्ली के राशिद खान (68-68-64-69) उप विजेता रहे जबकि पानीपत के शुभम जगलान (70-68-66-66) तीसरे स्थान पर रहे।

डीपी विश्व पीजीटीआई ऑर्डर ऑफ मेरिट में शीर्ष पर चल रहे सप्ताक तलवार (69-71-65-70) संयुक्त पांचवें स्थान पर रहे। तलवार ने सत्र की रैंकिंग में अपना शीर्ष स्थान मजबूत किया और साल की अपनी कमाई 82,53,034 रुपये कर ली।

भाषा नमिता मोना

मोना