ईटीपीएल में एम्सटर्डम फ्लेम्स से जुड़े अजिंक्य रहाणे, वैश्विक स्तर पर प्रभाव छोड़ने की जताई उम्मीद

Ads

ईटीपीएल में एम्सटर्डम फ्लेम्स से जुड़े अजिंक्य रहाणे, वैश्विक स्तर पर प्रभाव छोड़ने की जताई उम्मीद

  •  
  • Publish Date - August 7, 2026 / 03:32 PM IST,
    Updated On - August 7, 2026 / 03:32 PM IST

बेंगलुरु, सात अगस्त (भाषा) भारत के पूर्व कप्तान अजिंक्य रहाणे शुक्रवार को बतौर ‘मार्की’ खिलाड़ी शुरूआती यूरोपीय टी20 प्रीमियर लीग (ईटीपीएल) में एम्सटर्डम फ्लेम्स टीम से जुड़ गए।

रहाणे ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा वाले दिन ही उन्हें यह पेशकश हुई और वह इसके जरिए वैश्विक स्तर पर अपनी छाप छोड़ना चाहते हैं।

यह टूर्नामेंट 26 अगस्त से 20 सितंबर तक आयरलैंड के डबलिन और नीदरलैंड के ‘द हेग’ में खेला जाएगा।

पिछले महीने के अंत में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाले रहाणे ने ईटीपीएल द्वारा आयोजित साक्षात्कार में कहा, ‘‘यह मेरे लिए शानदार मौका है। जब मैंने संन्यास की घोषणा की, उसी दिन मुझे यह पेशकश मिली। मैंने एक दिन सोचने के लिए लिया। फ्लेम्स के सह-मालिक स्टीव वॉ ने खुद मुझे फोन किया और पूछा कि क्या मैं उनकी टीम के लिए खेलना चाहूंगा। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘मेरे पास वर्षों का अनुभव है। मैं एक निश्चित तरीके और दृष्टिकोण के साथ लंबे समय तक क्रिकेट खेलता रहा। मुझे लगा कि यह मेरे लिए दुनिया भर में प्रभाव छोड़ने और अपने अनुभव को अन्य खिलाड़ियों के साथ साझा करने का बेहतरीन मौका है। मैं ईटीपीएल के साथ इस सफर के लिए उत्साहित हूं। ’’

रहाणे (38 वर्ष) ने लीग की संभावनाओं पर भरोसा जताते हुए कहा कि इससे यूरोप में क्रिकेट के विकास को नयी गति मिलेगी। उन्होंने कहा, ‘‘अगर आप यूरोपीय टीम को देखें तो आयरलैंड और नीदरलैंड जैसी टीम लगातार आगे बढ़ रही हैं। आयरलैंड ने हाल में भारत के खिलाफ श्रृंखला जीती है और नीदरलैंड भी बीच बीच में शानदार प्रदर्शन करता रहा है। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने उनके खिलाफ विश्व कप सहित कई मुकाबले खेले हैं। क्रिकेट के प्रति उनका जुनून, सीखने की ललक और टीम के रूप में बेहतर बनने की भूख सचमुच शानदार है। ’’

रहाणे का मानना है कि कम अनुभवी यूरोपीय खिलाड़ियों को स्टीव स्मिथ, मिचेल मार्श जैसे बड़े खिलाड़ियों के साथ खेलने और राहुल द्रविड़ जैसे दिग्गजों से सीखने का मौका मिलेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘ईटीपीएल उन्हें अलग-अलग और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ खेलने का अनुभव देगा। अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ खेलने से वे बहुत कुछ सीखेंगे। यह उनके लिए शानदार मंच है। मैं भी वहां जाकर अपना अनुभव साझा करने और सकारात्मक प्रभाव छोड़ने के लिए उत्सुक हूं। ’’

एम्सटर्डम फ्लेम्स के सह-संस्थापक और मुख्य क्रिकेट अधिकारी स्टीव वॉ ने कहा, ‘‘एक पेशेवर क्रिकेटर में जो कौशल, संयम और नेतृत्व काबिलियत होनी चाहिए, वो सभी रहाणे में हैं। अपने पूरे करियर में उन्होंने सिर्फ प्रदर्शन से ही नहीं बल्कि मैदान के अंदर और बाहर अपने बर्ताव से भी क्रिकेट जगत में अपार सम्मान हासिल किया है। ’’

भाषा नमिता मोना

मोना