ताइपे सिटी (ताइवान), 28 जुलाई (भाषा) भारतीय खिलाड़ियों का प्रदर्शन ताइपे ओपन सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वालीफायर में निराशाजनक रहा तथा मंगलवार को यहां केवल रौनक चौहान ही पुरुष एकल क्वालीफाइंग राउंड के दूसरे दौर में पहुंच पाए।
क्वालीफायर में दूसरी वरीयता प्राप्त चौहान ने कनाडा के जोशुआ गुयेन को 21-15, 21-11 से हराया। उनका अगला मुकाबला चीनी ताइपे के कुआन लिन कुओ से होगा।
रौनक को छोड़कर पुरुष एकल क्वालीफायर में भाग लेने वाले अन्य सभी भारतीय खिलाड़ी पहले दौर में ही बाहर हो गए।
रित्विक संजीव जापान के क्वालीफायर में शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी रिकी ताकेई से 10-21, 11-21 से, जबकि शंकर सुब्रमण्यम अमेरिका के गैरेट टैन से 17-21, 10-21 से हार गए।
तुषार सुवीर ने कड़ी चुनौती पेश की लेकिन आखिर में उन्हें चीनी ताइपे के कुआन लिन कुओ से 19-21, 21-16, 12-21 से हार का सामना करना पड़ा।
महिला एकल क्वालीफायर में भाग ले रही एकमात्र भारतीय खिलाड़ी चौथी वरीयता प्राप्त आकर्षी कश्यप भी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई और मलेशिया की किसोना सेल्वादुरे से 15-21, 19-21 से हार गईं।
अच्युतादित्य राव डोड्डावरपु और अर्जुन रेड्डी पोचाना की भारतीय जोड़ी भी पुरुष युगल क्वालीफाइंग दौर में चीनी ताइपे की जोड़ी चेन बो युआन और लू मिंग चे से 5-21, 8-21 से हार गई।
भाषा
पंत मोना
मोना