दिव्या ने चौथा जबकि पदार्पण कर रहे गजानन ने पांचवां स्थान हासिल किया
दिव्या ने चौथा जबकि पदार्पण कर रहे गजानन ने पांचवां स्थान हासिल किया
ग्रेनाडा, नौ अप्रैल (भाषा) दिव्या टीएस ने महिला 25 मीटर पिस्टल में चौथा स्थान हासिल किया, जबकि गजानन खंडागले ने पुरुष 10 मीटर एयर राइफल में अपने अंतरराष्ट्रीय पदार्पण पर पांचवां स्थान हासिल कर आईएसएसएफ राइफल/पिस्टल विश्व कप में भारत के लिए बृहस्पतिवार का दिन यादगार बना दिया।
अपने तीसरे विश्व कप में भाग ले रही दिव्या ने फाइनल में 28 निशाने लगाये और मामूली अंतर से पदक से चूक गईं। अनुभवी भारतीय रिद्म संगवान ने महिला 25 मीटर पिस्टल में सातवां स्थान हासिल किया।
तोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाली चीन की शियाओ जियारुइक्सुआन ने हमवतन और पदार्पण कर रही कोंग जिएरू को शूट-ऑफ में पछाड़ कर स्वर्ण पदक जीता।
पुरुष 10 मीटर एयर राइफल में गजानन ने क्वालिफिकेशन में 634.3 अंक के साथ दूसरा स्थान हासिल कर फाइनल में जगह बनाई। वह पेरिस ओलंपिक रजत पदक विजेता विक्टर लिंडग्रेन से केवल 0.2 अंक पीछे रहे।
फाइनल में गजानन ने 18वें प्रयास तक संघर्ष किया और चौथे स्थान पर रहे। वह चीनी खिलाड़ी मा सिहान से केवल 0.1 अंक पीछे रहे।
इसी दौरान अर्ज़दीप सिंह 21वें और धनुष श्रीकांत 23वें स्थान पर रहे।
महिला 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशंस एलिमिनेशन रिले में तीनों भारतीय निशानेबाज सुरक्षित रही। ओलंपियन और विश्व चैंपियन अंजुम मौद्गिल 592 अंक के साथ सर्वश्रेष्ठ भारतीय रहीं।
अयुषी पोद्देर ने 587 अंक और सुरभि भारद्वाज रापोले ने 582 अंक स्कोर किए। कुल 75 प्रतिभागियों में से 58 ने मुख्य क्वालीफिकेशन राउंड में प्रवेश किया।
भाषा आनन्द
आनन्द

Facebook


