पेरिस, 25 मई (एपी) फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पहले दिन कुछ उम्रदराज खिलाड़ियों ने अपना जलवा दिखाया जिनमें नोवाक जोकोविच प्रमुख थे जिन्होंने एक बार फिर साबित कर दिया कि 39 वर्ष की उम्र में भी वह अपने युवा प्रतिद्वंद्वियों पर भारी पड़ सकते हैं।
जोकोविच को पहले दौर में न सिर्फ अपने से लगभग आधी उम्र के स्थानीय खिलाड़ी का सामना करना पड़ रहा था बल्कि उन्हें दर्शकों का भी समर्थन नहीं मिल रहा था।
जोकोविच ने अपने रिकॉर्ड 82वें ग्रैंड स्लैम में फ्रांस के 22 वर्षीय खिलाड़ी जियोवानी म्पेटशी पेरिकार्ड से पहला सेट गंवाने के बाद शानदार वापसी करके दो घंटे 51 मिनट तक चले मैच में 5-7, 7-5, 6-1, 6-4 से जीत हासिल की।
उन्होंने मैच के बाद कहा, ‘‘रोलैंड गैरोस के सेंटर कोर्ट पर किसी फ्रांसीसी खिलाड़ी के खिलाफ खेलना जाहिर तौर पर इतना आसान नहीं होता। दर्शक जोश में आ जाते हैं और फिर आप पर दबाव और भी बढ़ जाता है।’’
जोकोविच ने कहा, ‘‘लेकिन कुल मिलाकर यह एक अच्छा मैच था जिसका हिस्सा बनना अच्छा लगा। 39 साल की उम्र में तीन घंटे तक खेलना। सब कुछ वैसा ही रहा जैसा डॉक्टर ने सलाह दी थी।’’
अपने 39वें जन्मदिन के ठीक दो दिन बाद कोर्ट पर कदम रखते ही जोकोविच ने पुरुषों में सबसे अधिक ग्रैंड स्लैम खेलने का रिकॉर्ड बना दिया। उन्होंने रोजर फेडरर और फेलिसियानो लोपेज़ को पीछे छोड़ा। जोकोविच ने उन 82 ग्रैंड स्लैम में से रिकॉर्ड 24 जीते हैं।
जोकोविच रिकॉर्ड 22वीं बार फ्रेंच ओपन के पुरुष एकल में खेल रहे हैं। इस तरह से उन्होंने फ्रांसीसी खिलाड़ी रिचर्ड गैस्केट और एंटोनी जेंटियन की बराबरी कर ली है। वह यहां पिछले 20 टूर्नामेंट में से 19 में कम से कम क्वार्टर फाइनल तक पहुंचे हैं। उन्होंने 2016, 2021 और 2023 में फ्रेंच ओपन का खिताब जीता।
जोकोविच फ्रेंच ओपन के पहले दिन जीत हासिल करने वाले अकेले उम्रदराज खिलाड़ी नहीं थे। मार्को ट्रुंगेलिटी ने किरियन जैकेट को 6-4, 6-2, 6-2 से हराया। ट्रुंगेलिटी 36 वर्ष की उम्र में हाल ही में पेशेवर युग (1969 से) में रैंकिंग के शीर्ष 100 में जगह बनाने वाले सबसे उम्रदराज पुरुष खिलाड़ी बने थे।
महिला वर्ग में 36 वर्षीय खिलाड़ी सोराना सिर्स्टिया ने 17 वर्षीय केसेनिया एफ्रेमोवा को 6-3 6-1 से हराया। सिर्स्टिया इस सप्ताह शीर्ष 20 में पदार्पण करने वाली सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बनीं थी।
एपी
पंत
पंत