सिएटल, 27 जून (एपी) मिस्र ने महमूद साबेर के शुरू में किए गए गोल के बावजूद कुछ विषम पलों से गुजरते हुए ईरान के खिलाफ बेहद महत्वपूर्ण मैच को 1-1 से ड्रॉ खेला और पहली बार विश्व कप फुटबॉल के नॉकआउट चरण में जगह बनाई।
ईरान ने गोल करने के अधिक मौके बनाए। इनमें संभावित विजयी गोल भी शामिल था जिसे ऑफसाइड के कारण रद्द कर दिया गया। उसे अब अपने भाग्य का पता लगाने के लिए एक दिन इंतजार करना होगा जब टूर्नामेंट में तीसरे स्थान पर रहने वाली सर्वश्रेष्ठ आठ टीम का निर्धारण होगा।
सिएटल में खेले गए इस मैच को ‘गर्व का मैच’ कहकर प्रचारित किया गया था, जिसमें न तो ईरान और न ही मिस्र हिस्सा लेना चाहते थे। इस मैच के ड्रॉ रहने के बाद मिस्र ने ग्रुप जी में शीर्ष पर रहने वाले बेल्जियम के समान पांच अंक हासिल के लिए लेकिन वह गोल अंतर के कारण दूसरे स्थान पर रहा। ईरान के तीन अंक है और वह तीसरे स्थान पर रहा।
मिस्र ने पांचवें मिनट में साबेर के गोल से शुरुआती बढ़त हासिल कर ली। लिवरपूल के पूर्व स्टार मोहम्मद सालाह ने बॉक्स के अंदर शानदार खेल दिखाया, जिसके बाद साबेर ने ईरान के गोलकीपर अलीरेज़ा बेइरानवंद के पैरों के बीच से शॉट मारकर गोल कर दिया।
ईरान ने नौ मिनट बाद रामिन रेज़ेयान के गोल से मैच को बराबरी पर ला दिया। उसने दूसरे हाफ के इंजरी टाइम के तीसरे मिनट में विजयी गोल कर दिया था जब शोजा खलीलज़ादेह ने गोल में शॉट लगाया, लेकिन वीडियो समीक्षा के बाद उसे ऑफसाइड करार दिया गया।
अगर यह गोल मान्य होता तो ईरान नॉकआउट राउंड में अपनी जगह पक्की कर लेता।
एपी
पंत
पंत