भारत के पेशेवर रवैये का अनुकरण करे : एफआईएच अध्यक्ष इकराम की एशियाई देशों को सलाह

Ads

भारत के पेशेवर रवैये का अनुकरण करे : एफआईएच अध्यक्ष इकराम की एशियाई देशों को सलाह

  •  
  • Publish Date - September 18, 2026 / 05:25 PM IST,
    Updated On - September 18, 2026 / 05:25 PM IST

(फिलेम दीपक सिंह)

नागोया, 18 सितंबर (भाषा ) अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ के अध्यक्ष तैयब इकराम ने शुक्रवार को पिछले कुछ साल में हॉकी में भारत के पेशेवर रवैये की तारीफ करते हुए दूसरे एशियाई देशों से भी वैश्विक स्तर पर उभरने के लिये भारत का अनुकरण करने का आग्रह किया ।

मॉस्को ओलंपिक में आठवां स्वर्ण जीतने के बाद भारतीय पुरूष हॉकी टीम ने 2020 और 2024 ओलंपिक में कांस्य पदक जीते ।

इकराम ने यहां एशियाई खेलों से पूर्व प्रेस कांफ्रेंस से इतर पीटीआई से कहा ,‘‘ एफआईएच अध्यक्ष होने के नाते सभी देश मेरे लिये समान हैं । सभी महाद्वीप अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं ।’

उन्होंने कहा ,‘‘ लेकिन एशियाई हॉकी के लिये कुछ फोकस क्षेत्र हैं और मैं उन्हें इन उपायों को मजबूती से करने के लिये कहता हूं । पेशेवर रवैया अपनाने की जरूरत है ।’’

आइची नागोया एशियाई खेलों की समन्वय समिति के प्रमुख इकराम ने कहा ,‘‘ भारत इसका अच्छा उदाहरण है । भारतीय हॉकी कहां थी और आज कहां है । हॉकी इंडिया ने जिस तरह पेरिस ओलंपिक और यहां एशियाई खेलों के लिये भी रूख अपनाया । यह काफी पेशेवर रवैया है और दूसरे एशियाई देशों को भी भारत के हाई परफार्मेंस मॉडल का अनुकरण करना चाहिये ।’’

यह पूछने पर कि क्या एशियाई हॉकी पर राजनीति का असर हो रहा है, उन्होंने कहा ,‘‘ राजनीति तो हर जगह है । यह खेल को और अलग रूख दे रही है और एक तरह से खेल को लोकप्रिय बनाने में भी मदद कर रही है ।’’

भाषा मोना पंत

पंत