लंदन, 30 जुलाई (एपी) इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड के एक अन्य पूर्व खिलाड़ी स्टीफन फ्लेमिंग को बृहस्पतिवार को अपनी टेस्ट टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया और स्टार बल्लेबाज जो रूट को फिर से कप्तान पद की जिम्मेदारी सौंपी।
फ्लेमिंग ने अपने पूर्व साथी खिलाड़ी ब्रेंडन मैकुलम की जगह ली, जिन्हें ऑस्ट्रेलिया में एशेज सीरीज 4-1 से हारने और पिछले महीने न्यूजीलैंड से घरेलू सीरीज 2-1 से हारने के बाद हटा दिया गया था।
इस तरह से अब इंग्लैंड के तीनों प्रारूप में मुख्य कोच न्यूजीलैंड के पूर्व खिलाड़ी हैं क्योंकि मैकुलम वनडे और टी20 टीमों के कोच बने रहेंगे।
फ्लेमिंग पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला के बाद अपना कार्यभार संभालेंगे, जो 19 अगस्त को लीड्स में शुरू होगी। इस श्रृंखला के लिए मार्कस ट्रेस्कोथिक इंग्लैंड के अंतरिम कोच होंगे।
रूट इससे पहले 2017-22 तक इंग्लैंड के स्थायी टेस्ट कप्तान रह चुके हैं। उन्होंने 65 टेस्ट मैच में कप्तानी की है जो इंग्लैंड की तरफ से रिकॉर्ड है। इनमें से उन्होंने रिकॉर्ड 27 मैच जीते हैं।
35 वर्षीय रूट ने बेन स्टोक्स का स्थान लिया है, जिन्होंने जून में न्यूजीलैंड के खिलाफ श्रृंखला के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। स्टोक्स ने अपने उप-कप्तान हैरी ब्रूक को अगले कप्तान के रूप में नामित किया था।
इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड ने कहा कि फ्लेमिंग को परिवार के साथ घर लौटने के लिए छुट्टी दी जा रही है क्योंकि उन्होंने इसी महीने चेन्नई सुपर किंग्स के कोच पद से इस्तीफा दिया था। इंग्लैंड के मुख्य कोच के रूप में उनकी पहली श्रृंखला दिसंबर-जनवरी में दक्षिण अफ्रीका में होने वाले तीन टेस्ट मैच होंगे।
फ्लेमिंग ने चेन्नई को इंडियन प्रीमियर लीग में रिकॉर्ड पांच खिताब दिलाए।
एपी
पंत नमिता
नमिता