लखनऊ, 30 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश पुलिस ने कांवड़ यात्रा के लिए यहां पुलिस मुख्यालय में 24 घंटे और सातों दिन चलने वाला एक राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है जिसने मंगलवार से काम करना शुरू कर दिया।
पुलिस निरीक्षक (कानून व्यवस्था) एल.आर. कुमार ने बताया कि इस नियंत्रण कक्ष के जरिए श्रद्धालुओं के आवागमन की निगरानी की जा रही है जिससे किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
कुमार ने ‘पीटीआई वीडियो’ सेवा को बताया कि पुलिस ने कांवड़ यात्रा से पहले कई उच्च स्तरीय समीक्षा बैठकें कीं, जिसके बाद एक एकीकृत निगरानी प्रणाली स्थापित की गई।
उन्होंने कहा, ‘‘डीजीपी मुख्यालय में एक समर्पित कांवड़ निगरानी कक्ष स्थापित किया गया है जो इस यात्रा के (11 अगस्त को) समापन तक चौबीसों घंटे काम करेगा। लाइव सीसीटीवी फुटेज और ड्रोन सर्विलांस के जरिए कांवड़ियों के आवागमन पर नजर रखी जा रही है।’’
उन्होंने कहा कि पुलिस घटनाक्रम पर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर तत्काल हस्तक्षेप करने के लिए टीवी और डिजिटल मीडिया चैनलों पर भी नजर रख रही है।
कुमार ने कहा कि स्थानीय स्तर पर त्वरित कार्रवाई टीम (क्यूआरटी) लगाई गई हैं, जबकि सुरक्षा व्यवस्था के तहत संवेदनशील स्थानों पर जांच की जा रही है।
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन ने पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। हर जिले में एक एकीकृत कमान केंद्र भी स्थापित किया गया है और इसके ‘लाइव फीड’ पर राज्य स्तरीय नियंत्रण कक्ष से नजर रखी जा रही है।
पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि किसी भी तरह की अफवाहों का पता लगाने के लिए पुलिस की सोशल मीडिया निगरानी प्रकोष्ठ विशेष सॉफ्टवेयर का उपयोग कर ऑनलाइन मंचों पर चौबीसों घंटे नजर रख रही है।
भाषा राजेंद्र शफीक
शफीक