इस्लामाबाद, 26 मई (एपी) क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने मंगलवार को बताया कि चोटिल मिचेल मार्श की जगह पाकिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की एकदिवसीय श्रृंखला में जोश इंग्लिस ऑस्ट्रेलिया के कप्तान होंगे।
मार्श को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में खेलते समय टखने में चोट लग गई थी जिसके बाद वह लखनऊ सुपर जाइंट्स का आखिरी लीग मैच खेले बिना ही स्वदेश लौट आए। पर्थ में उनकी आगे की मेडिकल जांच और इलाज होगा।
ऑस्ट्रेलिया के 50 ओवर के नियमित कप्तान पैट कमिंस और उप कप्तान ट्रेविस हेड आईपीएल प्ले ऑफ की वजह से इस श्रृंखला में नहीं खेल पाएंगे। एकदिवसीय श्रृंखला शनिवार को रावलपिंडी में शुरू होगी।
बाकी दो मैच दो और चार जून को लाहौर में खेले जाएंगे।
विकेटकीपर-बल्लेबाज इंग्लिस ने नवंबर 2024 में भी ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी की थी। उन्होंने तब भी पाकिस्तान के खिलाफ यह जिम्मेदारी संभाली थी और तब भी कई मुख्य खिलाड़ी टीम का हिस्सा नहीं थे।
पाकिस्तान में खेलने के बाद ऑस्ट्रेलिया की टीम बांग्लादेश के सीमित ओवरों के दौरे पर जाएगी। तेज गेंदबाज कमिंस, जोश हेजलवुड और मिचेल स्टार्क इन दोनों ही दौरों पर टीम का हिस्सा नहीं होंगे।
एपी सुधीर आनन्द
आनन्द