मथुरा, 26 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले की कोतवाली पुलिस ने चार मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से करीब 42 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि बरामद गांजे की कीमत लगभग 50 लाख रुपये आंकी गई है। उसने बताया कि गिरफ्तार तस्करों के पास से मारुति विटारा और टाटा हैरियर कार भी बरामद हुई हैं, जो चोरी की प्रतीत होती हैं।
सहायक पुलिस अधीक्षक (नगर) आशना चौधरी ने बताया कि सोमवार देर रात करीब ढाई बजे दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर अलवर पुल के पास वाहनों की जाचं के दौरान एक संदिग्ध कार की तलाशी ली गई।
उन्होंने बताया कि कार में मथुरा निवासी विष्णु दत्त और जौनपुर के रहने वाले तीन तस्कर अजीत, हिमांशु तथा नीरज सवार थे, जिनके पास से 41.763 किलोग्राम गांजा और 2.20 लाख रुपये नकद बरामद हुए।
चौधरी के मुताबिक, सभी आरोपियों को पहले भी मादक पदार्थ की तस्करी के आरोप में पकड़ा जा चुका है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
भाषा
सं आनन्द पारुल
पारुल