भारत का टी20 मुकाबला जापान में क्रिकेट की लोकप्रियता बढ़ाने का बड़ा अवसर: जेसीए सीओओ कर

भारत का टी20 मुकाबला जापान में क्रिकेट की लोकप्रियता बढ़ाने का बड़ा अवसर: जेसीए सीओओ कर

भारत का टी20 मुकाबला जापान में क्रिकेट की लोकप्रियता बढ़ाने का बड़ा अवसर: जेसीए सीओओ कर
Modified Date: September 20, 2026 / 04:32 pm IST
Published Date: September 20, 2026 4:32 pm IST

नयी दिल्ली, 20 सितंबर (भाषा) जापान क्रिकेट संघ (जेसीए) के मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) एलन कर को उम्मीद है कि भारत के खिलाफ होने वाला पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला उनके देश में क्रिकेट की लोकप्रियता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा और जापान को वैश्विक क्रिकेट समुदाय में अपनी पहचान मजबूत करने की दिशा में आगे ले जाएगा।

मौजूदा टी20 विश्व चैंपियन भारत मंगलवार को सानो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैदान पर जापान के खिलाफ मैदान में उतरेगा।

कर ने मीडिया बातचीत के दौरान ‘पीटीआई’ के सवाल के जवाब में कहा, “खिलाड़ी काफी उत्साहित हैं। हमारे लिए इस तरह का मौका ज्यादा नहीं आता।”

उन्हें उम्मीद है कि भारत के खिलाफ यह मुकाबला भविष्य में जापान में अन्य शीर्ष क्रिकेट खेलने वाले देशों की मेजबानी का रास्ता खोल सकता है।

कर ने कहा, “हम इसे अपने भविष्य के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में उठाए जा रहे कदमों का हिस्सा मान रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि जापान के मुख्यधारा के लोगों में भी इस मुकाबले को लेकर उत्सुकता पैदा हो रही है। उन्होंने कहा, “यह कहना आसान है कि मौजूदा विश्व चैंपियन भारत जापान आकर हमारी टीम के खिलाफ खेलेगा। लेकिन हमें अभी काफी लंबा रास्ता तय करना है।’’

पहली बार इतने बड़े स्तर के मुकाबले की मेजबानी जापान के लिए बड़ी चुनौती है।

जेसीए ने पिछले कुछ दिनों में सानो मैदान को इस मुकाबले के अनुरूप तैयार करने के लिए व्यापक बदलाव किए हैं। मैदान में अस्थायी दर्शक दीर्घाएं और ‘वीआईपी’ क्षेत्र बनाए गए हैं, टिकट जांच के लिए गेट लगाए गए हैं तथा सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है। आम तौर पर इस मैदान में करीब 500 दर्शकों के बैठने की स्थायी व्यवस्था है।

संघ ने इंग्लैंड से एक सुरक्षा सलाहकार भी बुलाया है, जो विश्व कप, ‘द हंड्रेड’ और भारत से जुड़े आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था का अनुभव रखता है।

कर ने कहा, “हम इस पूरे आयोजन को बेहद गंभीरता से ले रहे हैं। हमारे लिए यह दिखाना बहुत महत्वपूर्ण है कि हम इस तरह के बड़े आयोजन को संभालने की क्षमता रखते हैं।’’

मौसम को लेकर हालांकि आयोजकों की चिंता बनी हुई है। जापान के दक्षिण में एक शक्तिशाली तूफान की स्थिति को देखते हुए मुकाबले की तैयारियों पर असर पड़ने की आशंका है।

कर ने कहा, “अभी हमारे लिए सफलता का मतलब मैच का आयोजन हो पाना है। मैं इससे इनकार नहीं करूंगा, इस समय जापान के दक्षिण में एक बहुत बड़ा तूफान उठ रहा है और यही हमारी चिंता है।”

मौसम से मुकाबला प्रभावित होने की आशंका के बीच कर का मानना है कि भारत के जापान दौरे ने पहले ही देश में क्रिकेट को लेकर जबरदस्त दिलचस्पी पैदा कर दी है।

उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि सफलता का एक बड़ा हिस्सा पहले ही हासिल हो चुका है। भारत का यहां आने के लिए सहमत होना, मेरा आप लोगों से यहां बात करना और जापानी मीडिया की बड़ी संख्या में कल आकर इस मुकाबले और क्रिकेट के बारे में जानने की तैयारी करना। ये सब अपने आप में सफलता के संकेत हैं।”

भारत का यह दौरा जेसीए के लंबे समय से चल रहे उस प्रयास का हिस्सा है, जिसके तहत जापान में क्रिकेट सुविधाओं को बेहतर बनाने और सानो में दुनिया की प्रमुख क्रिकेट टीमों की मेजबानी के लिए माहौल तैयार किया जा रहा है।

भाषा आनन्द नमिता

नमिता


लेखक के बारे में