भारतीय निशानेबाजों का पहला दल काहिरा रवाना हुआ

भारतीय निशानेबाजों का पहला दल काहिरा रवाना हुआ

भारतीय निशानेबाजों का पहला दल काहिरा रवाना हुआ
Modified Date: April 18, 2026 / 05:05 pm IST
Published Date: April 18, 2026 5:05 pm IST

नयी दिल्ली, 18 अप्रैल (भाषा) भारत के 58 निशानेबाजों और सहयोगी स्टाफ का पहला दल 19 से 27 अप्रैल तक आयोजित होने वाले आईएसएसएफ संयुक्त जूनियर विश्व कप में भाग लेने के लिए काहिरा रवाना हो गया है।

काहिरा टूर्नामेंट से आईएसएसएफ जूनियर सर्किट की शुरुआत होगी, जिसमें इस कैलेंडर वर्ष में शॉटगन निशानेबाजों के लिए तीन और राइफल एवं पिस्टल निशानेबाजों के लिए दो प्रतियोगिताएं निर्धारित हैं।

भारत ने कुल 71 निशानेबाजों को 18 पदक स्पर्धाओं के लिए उतारा है, जिनमें से 36 निशानेबाज 15 ओलंपिक स्पर्धाओं में भाग लेंगे।

तीन अतिरिक्त स्पर्धाओं में पारंपरिक जूनियर पुरुष और महिला 50 मीटर राइफल प्रोन प्रतियोगिताएं तथा पुरुष 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा शामिल हैं, जिसे 2032 ओलंपिक का हिस्सा बनाए जाने की संभावना है।

काहिरा में कुल मिलाकर 25 देशों के 284 खिलाड़ी प्रतिस्पर्धा करेंगे, जिसमें भारत सबसे बड़ा दल उतार रहा है।

मेजबान मिस्र 29 सदस्यीय टीम उतारेगा, जबकि तटस्थ खिलाड़ी (एआईएन) के तहत भाग ले रहे रूस के 43 निशानेबाज चुनौती पेश करेंगे।

फ्रांस (24), ग्रेट ब्रिटेन (16) और इटली (13) ने भी बड़े दल भेज रहे हैं।

जर्मनी के सुहल में जून में होने वाली जूनियर विश्व चैंपियनशिप के लिए दावेदारी मजबूत करने के लिए यह भारतीय जूनियर खिलाड़ियों के लिए एक अच्छा अवसर होगा।

भाषा आनन्द मोना

मोना


लेखक के बारे में