फ्लेमिंग ने ‘अतीत की सोच’ वाली धारणा को खारिज करते हुए सीएसके के विकास का समर्थन किया

फ्लेमिंग ने ‘अतीत की सोच’ वाली धारणा को खारिज करते हुए सीएसके के विकास का समर्थन किया

फ्लेमिंग ने ‘अतीत की सोच’ वाली धारणा को खारिज करते हुए सीएसके के विकास का समर्थन किया
Modified Date: April 10, 2026 / 10:29 pm IST
Published Date: April 10, 2026 10:29 pm IST

चेन्नई, 10 अप्रैल (भाषा) चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में टीम के हालिया उतार-चढ़ाव के बीच खुद पर मौजूदा दौर के टी20 क्रिकेट से सामंजस्य नहीं बिठाने को लेकर उठ रहे सवालों को खारिज करते हुए कहा है कि वह आधुनिक टी20 क्रिकेट की बदलती जरूरतों से पूरी तरह जुड़े हुए हैं।

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले से पहले फ्लेमिंग ने कहा कि खराब प्रदर्शन के बाद आलोचना होना स्वाभाविक है।

उन्होंने माना कि परिणाम ही धारणा तय करते हैं, लेकिन यह भी स्पष्ट किया कि वह सालभर विभिन्न प्रतियोगिताओं में कोचिंग और खिलाड़ी नीलामी प्रक्रियाओं से जुड़े रहते हैं, जिससे वैश्विक स्तर पर इस प्रारूप के खेल में आ रहे बदलावों को लेकर उनकी समझ लगातार बनी रहती है।

फ्लेमिंग ने कहा, ‘‘मैं पूरे साल कोचिंग करता हूं और कई प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों की नीलामी का हिस्सा रहता हूं। ऐसा नहीं है कि मैं आईपीएल से पहले खेल की दिशा से अनजान होता हूं। मैं दुनिया भर के खिलाड़ियों और टी20 क्रिकेट का पहले से अधिक अध्ययन कर रहा हूं, जो आईपीएल में भी काम आता है।’’

न्यूजीलैंड के इस पूर्व कप्तान ने स्वीकार किया कि पिछले सत्र में टीम प्रदर्शन के मामले में पीछे रह गई थी, लेकिन इसके बाद फ्रेंचाइजी ने रणनीतिक बदलाव किए हैं। उन्होंने बताया कि टीम में युवा खिलाड़ियों को शामिल कर एक नई दिशा में आगे बढ़ने की कोशिश की गई।

उन्होंने कहा, ‘‘पिछले साल हम लय में नहीं थे, यह मैं खुद मानता हूं। लेकिन हमने तेजी से बदलाव किया है और अब टीम में कई युवा खिलाड़ी हैं। मुझे इस समूह पर पूरा भरोसा है। हम हालांकि इस सत्र में अभी तक इसे मैदान पर पूरी तरह दिखा नहीं पाए हैं।’’

भाषा आनन्द आनन्द मोना

मोना


लेखक के बारे में