क्रिकेट पर फोकस करें , सोशल मीडिया पर नहीं : कोच स्टुअर्ट लॉ की नेपाल टीम को चेतावनी

Ads

क्रिकेट पर फोकस करें , सोशल मीडिया पर नहीं : कोच स्टुअर्ट लॉ की नेपाल टीम को चेतावनी

  •  
  • Publish Date - February 14, 2026 / 04:26 PM IST,
    Updated On - February 14, 2026 / 04:26 PM IST

मुंबई, 14 फरवरी (भाषा) नेपाल के मुख्य कोच स्टुअर्ट लॉ ने पहली बार टी20 विश्व कप खेल रही इटली के खिलाफ टीम की दस विकेट से हार पर निराशा जताते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने प्रतिबद्धता नहीं दिखाई और उन्होंने टीम को सोशल मीडिया की बजाय आगामी मैचों पर फोकस करने की भी ताकीद की ।

दो बार की चैम्पियन इंग्लैंड के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करके नेपाल ने सभी का ध्यान खींचा था लेकिन उस लय को कायम नहीं रख सके और इटली जैसी नयी टीम से हार गए ।

आस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर लॉ ने कहा कि वह खिलाड़ियों के जीवन में सोशल मीडिया का महत्व समझते हैं लेकिन बड़े टूर्नामेंट के दौरान यह लक्ष्य से ध्यान भटका भी देता है ।

उन्होंने कहा ,‘‘ नेपाली संस्कृति में सोशल मीडिया की बड़ी भूमिका है ।लेकिन अगर हम सोशल मीडिया पर क्या कर रहे हैं या लोग हमारे बारे में क्या कर रहे हैं और टीम की जरूरत पर फोकस नहीं है तो आप असल लक्ष्य से भटक जाते हैं ।’’

लॉ ने कहा ,‘‘ यह मुश्किल फैसला है क्योंकि मुझे पता है कि कई खिलाड़ी विज्ञापन और प्रायोजन के लिये इस पर निर्भर हैं लेकिन विश्व कप क्रिकेटरों को यह समझना होगा कि अगर वे मैच जीतते रहे तो लाइक्स अपने आप मिलेंगे ।’’

उन्होंने कहा कि वह खिलाड़ियों को साफ तौर पर कह चुके हैं कि विश्व कप में अच्छे प्रदर्शन से उनके फॉलोअर खुद ब खुद बढेंगे ।

उन्होंने कहा ,‘‘ मैने खिलाड़ियों से कहा कि क्रिकेट से इतर यह सब करो लेकिन जब खेल रहे हो तो फोकस बस खेल पर रहे । इंग्लैंड के खिलाफ प्रदर्शन भले ही कितना भी अच्छा रहा हो लेकिन हकीकत तो यही है कि हम वह मैच हार गए थे ।इसके बाद इटली से हारे जो बताता है कि हमने मानसिक दृढता नहीं दिखाई ।’’

भाषा मोना नमिता

नमिता

शीर्ष 5 समाचार