TRUMP PM MODI/ image source: ibc24 archive
Donald Trump on PM Modi: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपनी हालिया बातचीत को लेकर सकारात्मक बयान दिया है। ट्रंप ने मीडिया के सवालों के जवाब में कहा कि उनकी पीएम मोदी के साथ बहुत अच्छी बातचीत हुई है। उन्होंने इस बातचीत को दोनों देशों के बीच मजबूत संबंधों का संकेत बताते हुए कहा कि भारत और अमेरिका के रिश्ते लगातार बेहतर दिशा में आगे बढ़ रहे हैं।
बता दें कि, हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच एक अहम टेलीफोनिक बातचीत हुई। करीब 40 मिनट तक चली इस चर्चा को वैश्विक कूटनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खास बात यह है कि ईरान संग सीजफायर के बाद दोनों नेताओं के बीच यह पहली सीधी बातचीत है, ऐसे में क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय हालात पर गहन चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है। सूत्रों के अनुसार, दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति और उससे जुड़े सुरक्षा पहलुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया।
यह बातचीत ऐसे समय में हुई जब अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को पूरी तरह ब्लॉक करने का ऐलान किया है। इस फैसले ने वैश्विक स्तर पर चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि यह जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे अहम तेल आपूर्ति मार्गों में से एक माना जाता है। ऐसे में भारत जैसे बड़े ऊर्जा आयातक देश के लिए यह मुद्दा बेहद संवेदनशील हो जाता है। माना जा रहा है कि पीएम मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा हुई, जिसमें क्षेत्रीय स्थिरता और ऊर्जा सुरक्षा को लेकर संभावित प्रभावों पर बात की गई।
होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर अमेरिकी “डेडलाइन” भी चर्चा में है। ट्रंप ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि नाकाबंदी तोड़ने की कोशिश की गई, तो अमेरिकी बल समुद्र में ही जहाजों को नष्ट करने से पीछे नहीं हटेंगे। यह बयान क्षेत्र में तनाव को और बढ़ा सकता है, क्योंकि Strait of Hormuz वैश्विक तेल आपूर्ति का एक अहम मार्ग है।