गाफानी, पालेकर भारत और इंग्लैंड के बीच सेमीफाइनल में अंपायरिंग करेंगे

Ads

गाफानी, पालेकर भारत और इंग्लैंड के बीच सेमीफाइनल में अंपायरिंग करेंगे

  •  
  • Publish Date - March 3, 2026 / 03:06 PM IST,
    Updated On - March 3, 2026 / 03:06 PM IST

दुबई, तीन मार्च (भाषा) न्यूजीलैंड के क्रिस गाफानी और दक्षिण अफ्रीका के अलाहुद्दीन पालेकर भारत और इंग्लैंड के बीच बृहस्पतिवार को मुंबई में होने वाले टी20 विश्व कप सेमीफाइनल में मैदानी अंपायर होंगे जबकि जिम्बाब्वे के एंडी पायक्राफ्ट मैच रैफरी रहेंगे ।

आईसीसी ने टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल के मैच अधिकारियों का ऐलान कोलकाता और मुंबई में नॉकआउट मैचों से पहले कर दिया था ।

गाफानी 2024 में भारत और इंग्लैंड के बीच सेमीफाइनल में भी अंपायर थे । उन्होंने इस टूर्नामेंट में इंग्लैंड के दो मैचों और भारत के नीदरलैंड के खिलाफ मैच में अंपायरिंग की है ।

मुंबई में सेमीफाइनल में एड्रियन होल्डस्टॉक तीसरे अंपायर और पॉल रीफेल चौथे अंपायर होंगे ।

वहीं दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच ईडन गार्डंस पर बुधवार को होने वाले पहले सेमीफाइनल में इंग्लैंड के रिचर्ड इलिंगवर्थ और एलेक्स वार्फ मैदानी अंपायर होंगे । नितिन मेनन तीसरे अंपायर, रॉड टकर चौथे अंपायर और जवागल श्रीनाथ मैच रैफरी होंगे ।

इलिंगवर्थ दो साल पहले अफगानिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच सेमीफाइनल में भी मैदानी अंपायर थे ।

भाषा मोना पंत

पंत