गौड़ के पांच विकेट से भारत ने महिला टेस्ट में इंग्लैंड पर कसा शिकंजा

Ads

गौड़ के पांच विकेट से भारत ने महिला टेस्ट में इंग्लैंड पर कसा शिकंजा

  •  
  • Publish Date - July 11, 2026 / 08:36 PM IST,
    Updated On - July 11, 2026 / 08:36 PM IST

लंदन, 11 जुलाई (भाषा) तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ ने लाल गेंद क्रिकेट में अपना पहला पांच विकेट लेने का कारनामा करते हुए शनिवार को एकमात्र महिला टेस्ट के दूसरे दिन इंग्लैंड की पहली पारी को 170 रन पर समेट कर भारत ने मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली।

चाय तक भारत ने दूसरी पारी में बिना विकेट गंवाए 30 रन बना लिए थे। स्मृति मंधाना (10) और शेफाली वर्मा (14) क्रीज पर थीं। पहली पारी के आधार पर 115 रन की बढ़त हासिल करने वाली भारतीय टीम ने अपनी कुल बढ़त को 145 रन तक पहुंचा दिया है।

इंग्लैंड की कप्तान नैट साइवर-ब्रंट (44) और एमी जोंस (52) ने पांचवें विकेट के लिए 84 रन की जुझारू साझेदारी कर भारतीय गेंदबाजों को कुछ देर परेशान किया, लेकिन क्रांति गौड़ (37 रन पर पांच विकेट) के शानदार प्रदर्शन के आगे इंग्लैंड के बल्लेबाज टिक नहीं सकीं।

भारत के दबदबे की कहानी क्रांति गौड़ की दो सत्रों में की गई घातक गेंदबाजी से लिखी गई, जिसमें उन्होंने चार अहम विकेट चटकाए। इससे पहले उन्होंने शुक्रवार शाम टैमी ब्यूमोंट को आउट किया था।

दूसरे दिन के दूसरे ओवर में ही गौड़ ने माइया बूचियेर (23) को पवेलियन भेज दिया। बाहर जाती गेंद पर बूचियेर का अधूरा शॉट विकेटकीपर यास्तिका भाटिया के हाथों में समा गया।

इसके बाद एलिस कैप्सी का विकेट दिन का सबसे शानदार क्षण रहा। गौड़ की गेंद ने थोड़ी हरकत की जिससे कैप्सी चकमा खा गईं और गेंद उनके ऑफ स्टंप को उखाड़ ले गई।

दूसरी ओर, तेज गेंदबाज सयाली सतघरे ने अनुभवी हीथर नाइट को अंदर आती गेंद पर पगबाधा आउट कर इंग्लैंड को 47 रन पर चार विकेट के संकट में डाल दिया।

मुश्किल स्थिति में इंग्लैंड को एक मजबूत साझेदारी की जरूरत थी और कप्तान ब्रंट और जोंस ने टीम को संभाला। जोंस ने 59 गेंदों में महिला टेस्ट क्रिकेट का अपना दूसरा अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने गौड़ और सतघरे के खिलाफ शानदार ड्राइव और पुल शॉट लगाए।

ब्रंट ने सहयोगी भूमिका निभाई, लेकिन मौके मिलने पर आक्रामक अंदाज भी दिखाया। उन्होंने गौड़ की गेंद पर चौका लगाया और बाद में स्पिनर स्नेह राणा की गेंद पर स्लॉग स्वीप के जरिए छक्का जड़कर भारत की बढ़त को कम करने की कोशिश की।

यह साझेदारी ज्यादा देर नहीं टिक सकी। जोंस ने राणा की गेंद को हल्के हाथों से लेग साइड में मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन गेंद बल्ले के ऊपरी हिस्से से लगकर शॉर्ट लेग पर खड़ी ऋचा घोष के हाथों में चली गई।

इसके बाद क्रांति गौड़ ने लॉरेन बेल का विकेट लेकर अपना पांच विकेट का शानदार प्रदर्शन पूरा किया। गौड़ के अलावा ऑफ स्पिनर स्नेह और तेज गेंदबा सतघरे ने भी दो-दो विकेट लेकर इंग्लैंड की पारी समेटने में अहम योगदान दिया।

इंग्लैंड ने दूसरे सत्र में महज 33 रन के भीतर पांच विकेट गंवा दिए, जिससे भारतीय टीम ने मैच पर अपनी पकड़ और मजबूत कर ली।

भाषा आनन्द

आनन्द