जीसीएल: गैम्बिट्स ने कॉन्टिनेंटल किंग्स को हराकर पाइपर्स पर बढ़त बरकरार रखी
जीसीएल: गैम्बिट्स ने कॉन्टिनेंटल किंग्स को हराकर पाइपर्स पर बढ़त बरकरार रखी
बेंगलुरु, नौ सितंबर (भाषा) शीर्ष पर चल रही फायर्स अमेरिकन गैम्बिट्स ने बुधवार को ग्लोबल चेस लीग (जीसीएल) में दो बार की चैंपियन त्रिवेणी कॉन्टिनेंटल किंग्स को एक और शिकस्त देकर उनकी मुश्किलें बढ़ा दीं और गत चैंपियन एल्पाइन एपीएल पाइपर्स पर अपनी बढ़त बरकरार रखी।
दिन के पहले मुकाबले में पाइपर्स ने चेक मुंबई मास्टर्स को 11-6 से हराकर कुछ समय के लिए शीर्ष स्थान हासिल कर लिया था। लेकिन दिन के आखिरी मुकाबले में गैम्बिट्स ने कॉन्टिनेंटल किंग्स को 8-5 से हराकर बेहतर गेम प्वाइंट के आधार पर फिर से शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।
दिन के अन्य मुकाबलों में गंगा ग्रैंडमास्टर्स ने दो बार की चैंपियन त्रिवेणी कॉन्टिनेंटल किंग्स को 15-3 से हराया जबकि मुंबई मास्टर्स को दिन में दूसरी निराशा का सामना करना पड़ा और उसे पीबीजी अलास्का नाइट्स के खिलाफ 6-11 से हार झेलनी पड़ी।
गैम्बिट्स, एल्पाइन एपीएल पाइपर्स और गंगा ग्रैंडमास्टर्स ने अब तक चार-चार मुकाबले जीते हैं। हालांकि, गैम्बिट्स ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी पाइपर्स की तुलना में एक दौर अधिक खेला है।
पांचवें दिन के बाद गैम्बिट्स के सात मुकाबलों से 12 मैच अंक और 60 गेम अंक हैं। दूसरे स्थान पर मौजूद एल्पाइन एपीएल पाइपर्स के छह मैच से 58 गेम अंक हैं जबकि गंगा ग्रैंडमास्टर्स के भी छह मैच से 55 गेम अंक हैं।
भाषा सुधीर नमिता
नमिता

Facebook


