मेरी क्षमता पर संदेह करने वालों के लिये स्वर्ण पदक मेरा जवाब है : पूवम्मा
मेरी क्षमता पर संदेह करने वालों के लिये स्वर्ण पदक मेरा जवाब है : पूवम्मा
(फिलेम दीपक सिंह)
नागोया, 29 सितंबर (भाषा) डोपिंग के कारण 2022 एशियाई खेलों में भाग नहीं ले सकी देश की सबसे अनुभवी रिले धाविका एम आर पूवम्मा को खुशी है कि इस बार चार गुणा 400 मीटर महिला रिले में स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम का हिस्सा रहकर वह उन लोगों को करारा जवाब दे सकी जिन्हें उनकी क्षमता पर संदेह था ।
36 वर्ष की पूवम्मा 2014 और 2018 खेलों में भी चार गुणा 400 मीटर रिले में स्वर्ण जीत चुकी है ।
उन्होंने कहा ,‘‘ यह एशियाई खेलों में मेरा छठा पदक है । मैं यह पदक जीतना चाहती थी क्योंकि 2022 के बाद वापसी करने को बेताब थी । कुछ कारणों ( 2021 में डोपिंग के कारण प्रतिबंध) से मैं तोक्यो ओलंपिक (2021) और हांगझोउ एशियाई खेलों (2023) में भाग नहीं ले सकी थी । ’’
उन्होंने कहा ,‘‘ यह मेरा बदला था । अब मेरे पास इन खेलों में एक स्वर्ण और एक रजत ( चार गुणा 400 मीटर मिश्रित रिले) है ।’’
उन्होंने कहा ,‘‘ कई लोगों को लगता था कि क्या पूवम्मा पदक जीत सकेगी । सभी इंतजार कर रहे थे । कई लोगों को लगा कि पूवम्मा कब संन्यास लेगी । लेकिन जब मैं अच्छा खेल रही हूं तो संन्यास क्यो लूं । जब तक मैं अच्छा खेल रही हूं, खेलती रहूंगी । यह मेरा वादा है । मैने 2026 में 400 मीटर में 53 सेकंड का समय निकाला है ।’’
पूवम्मा पर डोपिंग के कारण 2021 में दो साल का प्रतिबंध लगा था । उन्होंने 2023 में वापसी की ।
भाषा मोना सुधीर
सुधीर

Facebook


