कोवेंट्री ने खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था की सराहना की, लकड़ी के केबिन को बताया ‘थोड़ा छोटा’

कोवेंट्री ने खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था की सराहना की, लकड़ी के केबिन को बताया ‘थोड़ा छोटा’

कोवेंट्री ने खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था की सराहना की, लकड़ी के केबिन को बताया ‘थोड़ा छोटा’
Modified Date: September 20, 2026 / 02:14 pm IST
Published Date: September 20, 2026 2:14 pm IST

नागोया, 20 सितंबर (एपी) अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) की अध्यक्ष कर्स्टी कोवेंट्री ने रविवार को एशियाई खेलों में खिलाड़ियों के ठहरने के लिए बनाए गए लकड़ी के केबिन का दौरा किया और कुछ खिलाड़ियों की आलोचना के बावजूद व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि वह इससे ‘काफी प्रभावित’ हैं।

एशियाई खेलों के आयोजकों ने खिलाड़ियों के ठहरने के लिए क्रूज जहाज, होटल और लकड़ी के केबिन की व्यवस्था की है। कम से कम 11,000 खिलाड़ी इन खेलों में हिस्सा ले रहे हैं, हालांकि यह संख्या 12,000 के करीब रहने की संभावना है।

पेरिस ओलंपिक 2024 में करीब 10,700 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था।

दो सप्ताह तक चलने वाले एशियाई खेलों के रविवार को शुरू होने के बावजूद जापानी आयोजकों ने अभी खिलाड़ियों की आधिकारिक संख्या जारी नहीं की है।

जापान ने खिलाड़ियों के लिए अलग से खेल गांव बनाने की जगह लागत नियंत्रित करने का फैसला किया। जापान ने 2020 के तोक्यो ओलंपिक पर आधिकारिक तौर पर 13 अरब डॉलर खर्च किए थे। महामारी के कारण इन खेलों का आयोजन एक साल की देरी से 2021 में हुआ था।

कोवेंट्री ने कहा, ‘‘यहां के केबिन काफी अच्छे हैं। ये थोड़े छोटे हैं। अगर आपको कोई नकारात्मक बात कहनी ही हो तो आप कह सकते हैं कि ये थोड़े छोटे हैं लेकिन मुझे नहीं लगता कि यह कोई नकारात्मक बात है। मुझे यह पसंद है।’’

कोवेंट्री 2004 और 2008 ओलंपिक में तैराकी में दो स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं और अपने देश जिम्बाब्वे में खेल अधिकारी भी रह चुकी हैं। थॉमस बाक का कार्यकाल समाप्त होने के बाद उन्होंने 15 महीने पहले आईओसी अध्यक्ष का पद संभाला था।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं हमेशा इस बात को सकारात्मक रूप से देखूंगी कि सभी खिलाड़ी एक साथ रह रहे हैं क्योंकि मेरा मानना है कि यह ऐसा अनुभव है जो आपको कहीं और नहीं मिलता।’’

कोवेंट्री ने कहा, ‘‘लेकिन केबिन शांत हैं, काफी अच्छे हैं, एयर कंडीशनिंग अच्छी तरह काम कर रही है और फर्श तथा दीवारें खूबसूरत हैं। मैं जिन कुछ खेल गांव में ठहरी हूं, यह उनसे बेहतर है।’’

कोवेंट्री ने शनिवार को उद्घाटन समारोह में भी हिस्सा लिया था। सम्राट नारुहितो ने आधिकारिक तौर पर खेलों का उद्घाटन किया जबकि एशियाई ओलंपिक परिषद के अध्यक्ष शेख जुआन हमद अल थानी ने उद्घाटन भाषण दिया।

एशियाई खेल चार अक्टूबर तक चलेंगे। यह इन खेलों का 20वां सत्र है। पहले एशियाई खेल 1951 में भारत के नयी दिल्ली में हुए थे।

एपी सुधीर पंत

पंत


लेखक के बारे में