गुलवीर सिंह ने न्यूयॉर्क में राष्ट्रीय हाफ मैराथन रिकॉर्ड तोड़ा
गुलवीर सिंह ने न्यूयॉर्क में राष्ट्रीय हाफ मैराथन रिकॉर्ड तोड़ा
नयी दिल्ली, 15 मार्च (भाषा) भारत के लंबी दूरी के स्टार धावक गुलवीर सिंह ने अपने करियर में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए रविवार को प्रतिष्ठित न्यूयॉर्क सिटी हाफ मैराथन में तीसरा स्थान हासिल किया और साथ ही 21.1 किमी की दूरी का पुरुषों का राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।
सेना के इस 27 वर्षीय धावक ने कड़े अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया और 59 मिनट 42 सेकेंड का समय लेकर दौड़ पूरी की। वह दक्षिण अफ्रीका के एड्रियन वाइल्डशट से पीछे रहे जिन्होंने 59 मिनट 30 सेकेंड के समय के साथ पहला स्थान हासिल किया। मोरक्को में जन्मे अमेरिका के लंबी दूरी के धावक ज़ुहैर तालबी 59 मिनट 41 सेकेंड का सयम लेकर दूसरे स्थान पर रहे।
इससे पहले का राष्ट्रीय रिकॉर्ड एक मिनट 30 सेकेंड का था जिसे स्टीपलचेज विशेषज्ञ अविनाश साबले ने 2020 में दिल्ली हाफ मैराथन में बनाया था।
गुलवीर भारत के पहले ऐसे लंबी दूरी के धावक हैं जिनके नाम कई राष्ट्रीय रिकॉर्ड हैं। ये रिकॉर्ड ट्रैक पर तीन हजार मीटर स्पर्धा से लेकर 25 किमी की रोड रेस स्पर्धाओं में हैं। एशियाई खेल 2022 में 10 हजार मीटर स्पर्धा के पदक विजेता गुलवीर के नाम ट्रैक पर पुरुषों की पांच हजार मीटर और 10 हजार मीटर दौड़ के राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी हैं।
उन्होंने दक्षिण कोरिया के गुमी में आयोजित 2025 एशियाई चैंपियनशिप में भी शानदार प्रदर्शन किया था जहां उन्होंने पांच हजार मीटर और 10 हजार मीटर दोनों ही स्पर्धाओं में जीत दर्ज की।
गुलवीर को पूरा भरोसा है कि वह इस साल जुलाई में ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों और सितंबर में आइची-नागोया में होने वाले एशियाई खेलों दोनों में पोडियम पर जगह बनाने में कामयाब होंगे।
अमेरिका के कोलोराडो स्प्रिंग्स में रह रहे सेना के इस धावक ने कहा, ‘‘मैं पूरी तरह से फिट हूं और आने वाली बड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अच्छे नतीजों की उम्मीद कर रहा हूं।’’
भाषा सुधीर नमिता
नमिता

Facebook


