सुदर्शन, गिल और बटलर के अर्धशतक, टाइटंस ने सुपरकिंग्स को 230 रन का लक्ष्य दिया

सुदर्शन, गिल और बटलर के अर्धशतक, टाइटंस ने सुपरकिंग्स को 230 रन का लक्ष्य दिया

सुदर्शन, गिल और बटलर के अर्धशतक, टाइटंस ने सुपरकिंग्स को 230 रन का लक्ष्य दिया
Modified Date: May 21, 2026 / 09:34 pm IST
Published Date: May 21, 2026 9:34 pm IST

अहमदाबाद, 21 मई (भाषा) सलामी बल्लेबाजों साई सुदर्शन और कप्तान शुभमन गिल के अर्धशतक और दोनों के बीच शतकीय साझेदारी से गुजरात टाइटंस ने इंडियन प्रीमियर लीग में बृहस्पतिवार को यहां चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ चार विकेट पर 229 रन बनाए।

सुदर्शन (84 रन, 53 गेंद, सात चौके, चार छक्के) और गिल (64 रन, 37 गेंद, सात चौके, तीन छक्के) ने अर्धशतक जड़ने के अलावा पहले विकेट के लिए 125 रन जोड़कर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। सुदर्शन ने जोस बटलर (नाबाद 57 रन, 27 गेंद, पांच चौके, चार छक्के) के साथ भी दूसरे विकेट के लिए 37 गेंद में 82 रन की साझेदारी की।

सुपरकिंग्स की ओर से मुकेश चौधरी (36 रन पर एक विकेट), स्पेंसर जॉनसन (47 रन पर एक विकेट) और अंशुल कंबोज (56 रन पर एक विकेट) ने एक-एक विकेट चटकाया।

सुपरकिंग्स के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने टॉस जीतकर टाइटंस को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया जिसके बाद गिल और सुदर्शन ने पावर प्ले में बिना विकेट के 62 रन जोड़कर टीम को प्रभावी शुरुआत दिलाई।

गिल ने मुकेश चौधरी पर चौके के साथ खाता खोला जबकि स्पेंसर जॉनसन पर दो चौके मारे। सुदर्शन ने भी मुकेश की गेंद को बाउंड्री के दर्शन कराए।

सुदर्शन ने अंशुल कंबोज का स्वागत चौके के साथ किया जबकि गिल ने इस तेज गेंदबाज पर पारी का पहला छक्का मारा।

गिल ने नूर अहमद पर दो छक्कों के साथ सिर्फ 23 गेंद में मौजूदा सत्र का चौथा अर्धशतक पूरा किया।

सुदर्शन ने कंबोज पर चौका और छक्का जड़ा और फिर शिवम दुबे पर चौके के साथ 10वें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया।

सुदर्शन ने नूर की गेंद पर एक रन के साथ 35 गेंद में लगातार पांचवां आईपीएल अर्धशतक पूरा किया।

गिल हालांकि इसके बाद जॉनसन की गेंद को हवा में लहराकर दुबे को आसान कैच दे बैठे।

बटलर ने आते ही जॉनसन पर चौका और नूर पर दो छक्के मारे।

सुदर्शन ने गुरजपनीत पर छक्के और बटलर ने चौके के साथ 18वें ओवर में टीम के रनों का दोहरा शतक पूरा किया।

सुदर्शन ने अगले ओवर में कंबोज पर भी छक्का जड़ा लेकिन अगली गेंद पर लॉन्ग ऑफ पर मैथ्यू शॉर्ट को कैच दे बैठे।

बटलर ने कंबोज पर लगातार दो चौकों के साथ 23 गेंद में अर्धशतक पूरा किया।

भाषा सुधीर नमिता

नमिता


लेखक के बारे में