जीत हासिल करके खुश, अभी तक सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट नहीं खेला है: इंग्लैंड के कप्तान ब्रूक
जीत हासिल करके खुश, अभी तक सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट नहीं खेला है: इंग्लैंड के कप्तान ब्रूक
कोलकाता, 14 फरवरी (भाषा) इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने स्कॉटलैंड को हराने के बाद कहा कि दो बार की विजेता टीम को टी20 विश्व कप में अभी अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलना बाकी है।
वेस्टइंडीज से हारने के बाद इंग्लैंड ने स्कॉटलैंड पर पांच विकेट से आसान जीत हासिल की। आदिल रशीद (36 रन देकर तीन विकेट) और लियाम डॉसन (34 रन देकर दो विकेट) ने इंग्लैंड को स्कॉटलैंड को 19.4 ओवर में 152 रन पर रोकने में मदद की। फिर टॉम बैंटन ने नाबाद 63 रन से इंग्लैंड ने 10 गेंद बाकी रहते जीत हासिल की।
मैच के बाद ब्रूक ने कहा, ‘‘बस खुशी है कि हम जीत हासिल कर पाए। हम बहुत खुश थे। उन्होंने (स्कॉटलैंड) अपने पहले स्पेल में स्पिनरों के खिलाफ अच्छी बल्लेबाजी की, लेकिन हमने फिर वापसी की। ’’
उन्होंने कहा, ‘‘अभी तक हमारा खेल ‘परफेक्ट’ नहीं रहा है, सब कुछ थोड़ा परेशान करने वाला रहा है। उम्मीद है कि हम इटली के खिलाफ अपना सर्वश्रेष्ठ खेलेंगे और स्वदेश में लोगों के चेहरों पर मुस्कान लाएंगे।’’
इंग्लैंड सोमवार को कोलकाता में इटली से खेलेगा। उन्होंने कहा, ‘‘अभी तक हम अपनी ताकत नहीं दिखा पाए हैं। बहुत जल्दी कुछ हासिल नहीं करना चाहते, लेकिन ग्रुप चरण से निकलना है। उम्मीद है कि इटली के खिलाफ मैच से ऊपर बढ़ने की शुरूआत हो सकती है। ’’
ब्रूक ने बैंटन और तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर की तारीफ की। उन्होंने कहा, ‘‘वह (बैंटन) बहुत बढ़िया खेला। आर्चर की लाइन एवं लेंथ परफेक्ट थी। यह देखना बहुत अच्छा था। ’’
‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुने गए बैंटन ने कहा कि सबसे छोटे प्रारूप में टीम को वापसी करते रहना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘वेस्टइंडीज के खिलाफ हमारा मैच मुश्किल था, पूरा श्रेय उन्हें जाता है। हमारा पूरा फोकस आज के मैच पर था और आने वाले इटली के मैच पर है। टी20 क्रिकेट जोखिम भरा खेल है। आपको खुद पर भरोसा रखना होता है, कई बार यह आपके खिलाफ जाता है। वापसी करते रहना होता है।
स्कॉटलैंड के कैप्टन रिकी बेरिंगटन ने कहा कि बीच के ओवरों में टीम की योजना थोड़ी गड़बड़ा गई।
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगा कि बल्लेबाजी के लिए यह बहुत अच्छी पिच थी। बस साझेदारी का फर्क रहा। लेकिन योजना का कार्यान्वयन थोड़ा गड़बड़ा गया ’’
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द

Facebook


