हरजिंदर को रजत, भारत ने भारोत्तोलन में सातवां पदक जीता

हरजिंदर को रजत, भारत ने भारोत्तोलन में सातवां पदक जीता

हरजिंदर को रजत, भारत ने भारोत्तोलन में सातवां पदक जीता
Modified Date: July 29, 2026 / 01:19 am IST
Published Date: July 29, 2026 1:19 am IST

ग्लास्गो, 28 जुलाई (भाषा) भारत की हरजिंदर कौर ने मंगलवार को यहां राष्ट्रमंडल खेलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारोत्तोलन के महिलाओं के 69 किग्रा वजन वर्ग में रजत पदक जीता। इस दौरान उन्होंने स्नैच और क्लीन एवं जर्क दोनों में खेलों के रिकॉर्ड भी तोड़े।

भारत की 29 वर्षीय हरजिंदर ने 2022 के बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में 71 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक जीता था। इस बार उन्होंने अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शनों में से एक करते हुए भारोत्तोलन में भारत के लिए मौजूदा खेलों का सातवां पदक हासिल किया।

हरजिंदर ने स्नैच में दो बार राष्ट्रमंडल खेलों का रिकॉर्ड बेहतर किया। उन्होंने पहले 99 किग्रा वजन उठाकर नया रिकॉर्ड बनाया और फिर अंतिम प्रयास में 101 किग्रा वजन उठाकर अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया।

इसके बाद क्लीन एवं जर्क में भी उन्होंने रिकॉर्ड प्रदर्शन जारी रखा। उन्होंने पहले 123 किग्रा और फिर 126 किग्रा वजन सफलतापूर्वक उठाया जिससे उनका कुल वजन 227 किग्रा रहा।

हालांकि उनके शानदार प्रदर्शन के बावजूद कनाडा की चार्लोट सिमोनो ने असाधारण प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

सिमोनो ने तीनों वर्ग (स्नैच, क्लीव एवं जर्क, कुल वजन) में राष्ट्रमंडल खेलों का रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने स्नैच में 108 किग्रा और क्लीन एवं जर्क में 132 किग्रा वजन उठाकर कुल 240 किग्रा का नया राष्ट्रमंडल खेल रिकॉर्ड बनाया। वह हरजिंदर से 13 किग्रा आगे रहीं।

हरजिंदर के रजत पदक के साथ भारोत्तोलन में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी रहा। दबाव के बीच लगातार बेहतर प्रदर्शन करने की हरजिंदर की क्षमता ने बर्मिंघम खेलों के बाद उनके खेल में आए सुधार को भी दर्शाया।

भारतीय भारोत्तोलकों ने अब तक राष्ट्रमंडल खेलों में एक स्वर्ण, पांच रजत और एक कांस्य सहित कुल सात पदक जीतकर इस प्रतियोगिता में अपनी बढ़ती मजबूती और निरंतरता का परिचय दिया है।

भाषा सुधीर आनन्द

आनन्द


लेखक के बारे में