हसरंगा की कमी बहुत खलेगी : चामीरा

हसरंगा की कमी बहुत खलेगी : चामीरा

हसरंगा की कमी बहुत खलेगी : चामीरा
Modified Date: February 11, 2026 / 04:43 pm IST
Published Date: February 11, 2026 4:43 pm IST

पाल्लेकल, 11 फरवरी (भाषा) चोटिल वानिंदु हसरंगा के टी20 विश्व कप से बाहर होने को बड़ा नुकसान बताते हुए श्रीलंका के तेज गेंदबाज दुष्मंता चामीरा ने बुधवार को कहा कि सभी गेंदबाजों को मिलकर उनकी कमी पूरी करनी होगी ।

श्रीलंका के प्रमुख स्पिनर हसरंगा आयरलैंड के खिलाफ पहले मैच में हैमस्ट्रिंग में लगी चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं ।

चामीरा ने ओमान के खिलाफ मुकाबले से पहले कहा ,‘‘ वानिंदु का नहीं होना बड़ा नुकसान है क्योंकि हम जानते हैं कि वह कितना प्रतिभाशाली है । अब सभी गेंदबाजों पर उसकी कमी पूरी करने की बड़ी जिम्मेदारी है ।’’

स्पिन गेंदबाजी हरफनमौला दुशान हेमंता को हसरंगा की जगह शामिल किया गया है ।

चामीरा ने कहा ,‘‘ हेमंता पिछले कुछ समय टीम के साथ था और जिम्बाब्वे में भी खेला है । उसकी गेंदबाजी की शैली वानिंदु से अलग है और वह बल्लेबाजी भी कर लेता है । चूंकि हम श्रीलंका में खेल रहे हैं और वह यहां खेल चुका है तो टीम को उससे जो अपेक्षा है, वह पूरी कर सकता है ।’’

आयरलैंड के खिलाफ मैच में सातवें से 15वें ओवर के बीच श्रीलंकाई बल्लेबाज स्पिनरों को एक भी चौका नहीं लगा सके और चामीरा ने स्वीकार किया कि इसमें सुधार करना होगा ।

उन्होंने कहा ,‘‘ हमने पावरप्ले में अच्छा खेला लेकिन उसके बाद लय कायम नहीं रख सके । हम एक दो रन भी ले सकते थे लेकिन ऐसा नहीं किया । हमें अगले मैचों में इसमे सुधार करना होगा ।

वहीं चौथी बार टी20 विश्व कप खेल रही ओमान टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज विनायक शुक्ला ने कहा कि जिम्बाब्वे से पहले मैच में आठ विकेट से मिली हार के बावजूद उनकी टीम खराब नहीं है ।

उन्होंने कहा ,‘‘ हम यहां जल्दी आ गए थे और अभ्यास भी किया । एक खराब मैच से हमारी टीम का आकलन करना सही नहीं है । हम मजबूती से वापसी करेंगे ।’’

भाषा मोना नमिता

नमिता


लेखक के बारे में