गुलवीर को 5000 मीटर में ऐतिहासिक कांस्य, पैरा शॉटपुट में राणा को स्वर्ण
गुलवीर को 5000 मीटर में ऐतिहासिक कांस्य, पैरा शॉटपुट में राणा को स्वर्ण
ग्लास्गो, एक अगस्त (भाषा) गुलवीर सिंह शनिवार को 5000 मीटर में कांस्य पदक जीतने वाले पहले भारतीय बन गए और एक ही राष्ट्रमंडल खेल में एथलेटिक्स में दो पदक जीतने वाले वह भारत के पहले खिलाड़ी हैं जबकि पैरा शॉटपुट में सोमन राणा ने शनिवार को स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया ।
त्रिकूद स्पर्धा में प्रवीण चित्रावेल और सेल्वा प्रभु तिरुमरन ने क्रमशः रजत और कांस्य पदक अपने नाम किए। भारत के एथलीटों ने इन खेलों में ट्रैक और फील्ड में पांच रजत और पांच कांस्य पदक जीत लिये हैं ।
भारत को एथलेटिक्स में स्वर्ण पदक नहीं मिला लेकिन यह 2010 दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों में 12 पदक जीतने के बाद दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है ।
मौजूदा एशियाई चैम्पियन गुलवीर ने 28 जुलाई को 10000 मीटर में रजत पदक जीता था । वह 13 मिनट 24 . 95 सेकंड का समय निकालकर 5000 मीटर में तीसरे स्थान पर रहे ।
कीनिया के मैथ्यू किपचुंबा किपसांग ने 13 मिनट 23 . 61 सेकंड के साथ स्वर्ण पदक जीता । आस्ट्रेलिया के की रॉबिनसन ने रजत पदक हासिल किया ।
भारत के 28 वर्ष के गुलवीर के नाम 5000 और 10000 मीटर में राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी है । गुलवीर ने 10000 मीटर में हांगझोउ एशियाई खेल 2023 में कांस्य पदक जीता था ।
पुरुषों की एफ57 गोला फेंक स्पर्धा में प्रतिस्पर्धा करते हुए 2022 एशियाई पैरा खेलों के रजत पदक विजेता राणा ने सत्र का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 13.40 मीटर की दूरी तक गोला फेंका और पहला स्थान हासिल किया।
भारत के ही शुभम जुयाल ने सत्र के अपने सर्वश्रेष्ठ 13.28 मीटर के प्रदर्शन के साथ रजत पदक हासिल किया जबकि कैमरून के सेड्रिक अजामद्जी ने 12.57 मीटर के प्रयास के साथ कांस्य पदक जीता।
इससे पहले दिन की शुरुआत पुरुषों की त्रिकूद स्पर्धा में चित्रावेल के शानदार प्रदर्शन से हुई। एशियाई खेलों के कांस्य पदक विजेता चित्रावेल ने 16.58 मीटर की कूद लगाकर रजत पदक जीता और ग्लास्गो में अपने पिछले प्रदर्शन में सुधार किया।
वहीं सेल्वा प्रभु ने 16.52 मीटर की कूद से कांस्य पदक हासिल किया। यह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उनका पहला बड़ा पदक है।
जमैका के जॉर्डन स्कॉट ने 16.72 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
पैरा एथलेटिक्स की पुरुषों की टी54 1500 मीटर फाइनल स्पर्धा में भारत के रमेश शनमुगम तीन मिनट 23.59 सेकंड का समय लेकर सातवें स्थान पर रहे।
महिलाओं की 10,000 मीटर पैदल चाल स्पर्धा में भी भारत को निराशा हाथ लगी। प्रियंका गोस्वामी ने सत्र का अपना सर्वश्रेष्ठ समय 45 मिनट 53.93 सेकेंड दर्ज किया लेकिन वह चौथें स्थान पर रहीं।
वहीं इस स्पर्धा में हिस्सा ले रहीं दूसरी भारतीय खिलाड़ी रवीना को अयोग्य घोषित कर दिया गया।
पुरूषों के पोल वॉल्टमें राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी देव कुमार मीणा 5 . 30 मीटर के साथ चौथे और कुलदीप कुमार 5 . 10 मीटर के साथ छठे स्थान पर रहे ।
मिश्रित चार गुणा 400 मीटर रिले फाइनल में भारत के विशाल टीके, अंसा बाबू, संतोष कुमार और रशदीप कौर तीन मिनट 20 . 32 सेकंड का समय निकालकर आठ टीमों में छठे स्थान पर रहे ।
भाषा मोना
मोना

Facebook


