गुरुग्राम, 10 अक्टूबर (भाषा) भारत की हिताक्षी बख्शी शुक्रवार को दूसरे दौर में बोगी-रहित पांच अंडर 67 का स्कोर बनाकर पांच लाख डॉलर इनामी वुमन इंडियन ओपन गोल्फ की तालिका में शीर्ष पायदान पर पहुंच गई है।
हिताक्षी ने शुरुआती दौर में 70 का स्कोर किया था। उन्होंने कुल सात अंडर के स्कोर से एकल बढ़त कायम कर ली है।
यह पहली बार है जब हिताक्षी लेडीज यूरोपियन टूर की किसी प्रतियोगिता में दिन के खेल के बाद तालिका में शीर्ष पर है।
हिताक्षी से एक शॉट पीछे भारतीय एमेच्योर खिलाड़ी जारा आनंद (68-70) जर्मनी की वेरेना जिम्मी (68-70) के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर है।
प्रणवी उर्स (72-67) 2024 की ऑर्डर ऑफ मेरिट की विजेता चियारा तंबुरलिनी (71-68) के साथ पांच अंडर 139 के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर है।
पहले दौर में शीर्ष पर रही वाणी कपूर (67-74) लय बनाये रखने में विफल रही। उन्होंने दूसरे दौर में निराशाजनक 74 का कार्ड खेला। वह तीन अंडर 141 के स्कोर के साथ पिछले साल की संयुक्त उपविजेता सिंगापुर की शैनन टैन (68-73) और इंग्लैंड की एलिस हेवसन (69-72) के साथ संयुक्त रूप से सातवें स्थान पर है।
भाषा
आनन्द
आनन्द