नयी दिल्ली, 12 अगस्त (भाषा) खेल मंत्रालय ने संचालन में कमियों का हवाला देते हुए बुधवार को भारतीय टेबल टेनिस महासंघ (टीटीएफआई) की मान्यता निलंबित कर दी और भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) से कहा कि वह इस खेल के कामकाज को संभालने के लिए एक तदर्थ समिति बनाए।
मंत्रालय ने अपने आदेश में कहा कि पहले जारी किए गए कारण बताओ नोटिस का ‘संतोषजनक जवाब नहीं मिलने’ और समय पर चुनाव नहीं करा पाने के कारण टीटीएफआई को निलंबित किया गया है।
मंत्रालय के आदेश में कहा गया, ‘‘अंतरराष्ट्रीय संस्था (आईटीटीएफ) से सलाह-मशविरा करके आईओए एक आंतरिक नियमन व्यवस्था बनाने के लिए उचित कदम उठाएगा जिसमें एक तदर्थ समिति का गठन भी शामिल है और यह तब तक जारी रहेगा जब तक टीटीएफआई में उचित संचालन ढांचा फिर से बहाल नहीं हो जाता।’’
भाषा सुधीर पंत
पंत