लक्ष्य का पीछा करते कोहली का कैच टपकाने से कैसे जीतेंगे : केकेआर कोच नायर
लक्ष्य का पीछा करते कोहली का कैच टपकाने से कैसे जीतेंगे : केकेआर कोच नायर
रायपुर, 14 मई (भाषा) कोलकाता नाइट राइडर्स के कोच अभिषेक नायर ने स्वीकार किया कि पारी की शुरूआत में विराट कोहली का कैच टपकाना उनकी टीम पर भारी पड़ा और कोहली ने नाबाद शतक जमाकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू को आईपीएल मैच में छह विकेट से जीत दिलाई ।
कोहली को कार्तिक त्यागी की गेंद पर रोवमैन पावेल ने जीवनदान दिया जब उनका स्कोर 21 रन था । कोहली ने 60 गेंद में नाबाद 105 रन बनाये । जीत के लिये 193 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए कोहली और देवदत्त पडिक्कल (39) ने दूसरे विकेट के लिये 92 रन की साझेदारी की ।
नायर ने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा ,‘‘ जब लक्ष्य का पीछा करते हुए विराट कोहली का कैच आप छोड़ देते हैं तो राह बहुत मुश्किल हो जाती है ।’’
नायर ने कहा कि केकेआर ने अच्छे रन बनाये थे लेकिन छोटी छोटी गलतियों के कारण मैच उनके हाथ से निकल गया । उन्होंने कहा ,‘‘ जैसा कि मैने पहले कहा कि स्कोर अच्छा था । लेकिन कई चीजें बेहतर हो सकती थी । विराट का कैच काफी कठिन था । ’’
कोच का मानना है कि वरूण चक्रवर्ती की कमी भी टीम को खली ।
उन्होंने कहा ,‘‘ आखिर में क्रिकेट में ऐसा होता है । अगर 10 . 15 रन और होते तो मैच बदल सकता था । ये कैच लपके जाते तो मैच की स्थिति कुछ और होती । वरूण चक्रवर्ती खेलता तो भी हालात कुछ और होते ।’’
नायर ने स्वीकार किया कि केकेआर का गेंदबाजी आक्रमण सुनील नारायण और चक्रवर्ती पर बहुत निर्भर है । उन्होंने कहा ,‘‘ इसमें कुछ छिपा नहीं है कि सुनील और वरूण का संयोजन हमारे लिये काफी कामयाब रहा है । हमें इस सत्र में वरूण की कमी काफी खली है । उसे दूसरी बार फ्रेक्चर हुआ है जो दुर्भाग्यपूर्ण है । हमें उसकी कमी खली ।’’
भाषा मोना
मोना

Facebook


