मैं यह नहीं कहूंगा कि रोहित संघर्ष कर रहा है: बल्लेबाजी कोच कोटक

मैं यह नहीं कहूंगा कि रोहित संघर्ष कर रहा है: बल्लेबाजी कोच कोटक

मैं यह नहीं कहूंगा कि रोहित संघर्ष कर रहा है: बल्लेबाजी कोच कोटक
Modified Date: July 17, 2026 / 11:17 am IST
Published Date: July 17, 2026 11:17 am IST

कार्डिफ, 17 जुलाई (भाषा) भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने रोहित शर्मा की खराब प्रदर्शन के लिए हो रही आलोचना को खारिज करते हुए कहा है कि इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में अच्छा प्रदर्शन न कर पाने के बावजूद पूर्व भारतीय कप्तान न तो दबाव में हैं और न ही खराब फॉर्म से गुजर रहे हैं।

अब केवल एकदिवसीय प्रारूप में खेलने वाले रोहित ने बृहस्पतिवार को 47 गेंद पर 26 रन बनाए। इस मैच में भारतीय बल्लेबाज नहीं चल पाए और उसे चार विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इससे इंग्लैंड ने तीन मैच की श्रृंखला बराबर कर ली।

रोहित पहले वनडे में भी नहीं चल पाए थे और उन्होंने केवल 11 रन बनाए थे। भारत ने कप्तान शुभमन गिल, वाशिंगटन सुंदर और अक्षर पटेल के अर्धशतकों की बदौलत यह मैच आसानी से जीत लिया था। कोटक ने हालांकि रोहित का पूरा समर्थन किया।

कोटक ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि रोहित जैसे काबिल खिलाड़ी पर किसी तरह का दबाव पड़ेगा। वह इतने अच्छे खिलाड़ी हैं कि उन्हें ऐसा महसूस ही नहीं होगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह सही है कि उन्होंने दो मैचों में रन नहीं बनाए, लेकिन मुझे नहीं लगता कि इससे कोई फर्क पड़ता है। आज भी ऐसा लग रहा था कि वह शायद अच्छी पारी खेलेंगे। लेकिन यह कोई मसला नहीं है।’’

कोटक ने यह जवाब तब दिया जब उनसे पूछा गया था कि क्या यशस्वी जायसवाल या ईशान किशन जैसे खिलाड़ियों को सीरीज खत्म होने के बाद वनडे में सलामी बल्लेबाज के तौर पर मौका मिल सकता है।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं यह नहीं कहूंगा कि वह संघर्ष कर रहे थे। लेकिन शायद वह जिन शॉट को आमतौर पर ऊपर की ओर खेलते हैं उन पर सहज महसूस नहीं कर रहे थे और ऐसा डबल बाउंस के कारण हो सकता है।’’

कोटक ने कहा कि शानदार बल्लेबाजों को भी अपनी लय हासिल करने में समय लग सकता है और उम्मीद जताई कि रोहित तीसरे वनडे में बड़ी पारी खेलने में सफल रहेंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने बहुत क्रिकेट खेली है और बहुत क्रिकेट देखी है। मैंने कई बल्लेबाजों को देखा है कि एक दिन वे अपनी मनचाही लय हासिल नहीं कर पाते और ऐसा हो सकता है। हो सकता है कि आपको रविवार को लॉर्ड्स में रोहित शर्मा की बिल्कुल अलग पारी देखने को मिले।’’

कोटक ने श्रृंखला में अब तक शुभमन गिल और विराट कोहली की पारियों की ओर इशारा करते हुए कहा कि दोनों बल्लेबाजों को अपनी पारियों के शुरुआती चरण से निकलने का फायदा मिला, जिससे उन्हें आत्मविश्वास मिला जबकि रोहित क्रीज पर पांव जमाने से पहले ही आउट हो गए।

उन्होंने कहा, ‘‘शुभमन को पहले वनडे में तेज शुरुआत मिली, विराट को भी तेज शुरुआत मिली लेकिन रोहित को शायद वैसी शुरुआत नहीं मिली और वह लय में नहीं आ पाए। मुझे ऐसा ही लगा। मैंने कई बल्लेबाजों के साथ ऐसा होते देखा है, सिर्फ रोहित के साथ ही नहीं, इसलिए मैं यह नहीं कहूंगा कि वह संघर्ष कर रहे थे।’’

कोटक ने कहा कि पिच दोहरी गति वाली थी, जिससे पहले बल्लेबाजी करने वाली भारतीय टीम को परेशानी हुई। दूसरी पारी में हालांकि पिच स्थिर हो गई और जो रूट को मैच जिताने वाली नाबाद 99 रन की पारी खेलने में मदद मिली।

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगा कि फुल लेंथ की गेंदें बल्ले पर अच्छी तरह से आ रही थीं, लेकिन पहली पारी में बैक ऑफ लेंथ गेंदें थोड़ी रुक रही थीं और थोड़ा ज्यादा उछल रही थीं। दूसरी पारी में उनमें उतना ज्यादा उछाल नहीं था।’’

भाषा

पंत

पंत


लेखक के बारे में