‘इंपैक्ट प्लेयर’ नियम बना रहेगा: गांगुली

‘इंपैक्ट प्लेयर’ नियम बना रहेगा: गांगुली

‘इंपैक्ट प्लेयर’ नियम बना रहेगा: गांगुली
Modified Date: March 24, 2026 / 08:03 pm IST
Published Date: March 24, 2026 8:03 pm IST

नोएडा, 24 मार्च (भाषा) हरफनमौला खिलाड़ियों की नाराजगी के बावजूद भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने मंगलवार को कहा कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का विवादास्पद ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ नियम आगे भी बना रहेगा।

भारतीय टी20 उप-कप्तान और दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल द्वारा इस नियम की आलोचना किए जाने के एक दिन बाद गांगुली ने कहा कि विभिन्न मतों के बावजूद इस नियम को हटाए जाने की संभावना बेहद कम है।

उन्होंने यहां एक कार्यक्रम के इतर कहा, “मुझे लगता है कि इम्पैक्ट प्लेयर नियम रहेगा। जब मैं बीसीसीआई अध्यक्ष था, तब यह आ चुका था। यह यहीं रहेगा, किसी को पसंद आएगा, किसी को नहीं।”

यह नियम टीमों को अपनी एकादश में से किसी भी खिलाड़ी को मैच के दौरान पांच में से किसी एक विकल्प से बदलने की अनुमति देता है।

पूर्व कप्तान ने यह भी कहा कि लीग में कई युवा खिलाड़ी आकर्षण का केंद्र रहेंगे, जिनमें जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज औकिब नबी शामिल हैं। नबी को दिल्ली कैपिटल्स ने 8.4 करोड़ रुपये में खरीदा है।

गांगुली ने कहा, “वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, यशस्वी जयसवाल, आयुष महात्रे और सूर्यकुमार यादव जैसे खिलाड़ी आईपीएल का हिस्सा हैं।”

उन्होंने कहा, “मैं औकिब नबी को देखने के लिए उत्सुक हूं। वे सभी युवा है वाशिंगटन सुंदर युवा हैं, तिलक वर्मा युवा हैं। वे सभी अपने चरम पर हैं और यही आईपीएल की पहचान है।”

गांगुली के मार्गदर्शन में प्रिटोरिया कैपिटल्स एसए20 लीग में उपविजेता रहा। उन्होंने कहा कि वह भविष्य में कोच की जिम्मेदारी निभाने के लिए तैयार हैं।

उन्होंने कहा, “मैं क्रिकेट से जुड़े रहना चाहता हूं तथा कोचिंग में मेरी रुचि है।”

उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने करियर में खिलाड़ी, कप्तान और प्रशासक हर भूमिका निभाई है। वह भविष्य में मिलने वाले हर अवसर को अपनाने के लिए तैयार हैं।

भाषा आनन्द पंत

पंत


लेखक के बारे में