भारत में विश्व माइंड गेम्स आयोजित करना चाहता है आईएमएसए

Ads

भारत में विश्व माइंड गेम्स आयोजित करना चाहता है आईएमएसए

  •  
  • Publish Date - April 13, 2026 / 02:30 PM IST,
    Updated On - April 13, 2026 / 02:30 PM IST

नयी दिल्ली, 13 अप्रैल (भाषा) इंटरनेशनल माइंड स्पोर्ट्स एसोसिएशन (आईएमएसए) इस साल के अंत में या 2027 की शुरुआत में भारत में अगले विश्व माइंड गेम्स (विश्व बौद्धिक खेल) का आयोजन करना चाहता है।

आईएमएसए ने इस संदर्भ में भारत सहित कई अन्य देशों से बोलियां आमंत्रित की हैं।

शतरंज विश्व माइंड गेम्स का प्रमुख खेल है जो भारत में काफी लोकप्रिय है। आईएमएसए इस खेल में भारत की प्रगति को देखते हुए ही यहां इन खेलों का आयोजन करने में दिलचस्पी दिखा रहा है।

पिछले तीन दशक में विश्वनाथन आनंद भारत के प्रमुख शतरंज खिलाड़ी रहे हैं। पिछले कुछ वर्षों में अर्जुन एरिगैसी, आर प्रज्ञाननंदा और डी गुकेश ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन करके भारत का इस खेल में दबदबा बनाया है।

आईएमएसए के मुख्य विपणन अधिकारी संदीप सिंह ने कहा, ‘‘हम विशेष रूप से शतरंज और अन्य दिमागी खेलों की साझेदारी की संभावना तलाश रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम कॉर्पोरेट जगत के सर्वश्रेष्ठ लोगों के साथ साझेदारी करने की उम्मीद कर रहे हैं ताकि शतरंज को भारत का सबसे लोकप्रिय खेल बनाया जा सके। इसके अलावा हम ई-स्पोर्ट्स और भारत में लोकप्रिय अन्य ‘माइंड गेम्स’ पर भी काम कर रहे हैं। यहां का बाजार बहुत बड़ा है, जिसमें ई-स्पोर्ट्स में पहले से ही लगभग तीन करोड़ डॉलर का निवेश हो चुका है। शतरंज हमारी युवा प्रतिभाओं के शानदार प्रदर्शन से कॉर्पोरेट जगत का ध्यान खींच रहा है।’’

‘माइंड गेम्स’ में शतरंज के अलावा पोकर, गो, ड्राफ्ट, ब्रिज और ई-स्पोर्ट्स आदि शामिल हैं।

भाषा

पंत मोना

मोना